
साढ़े 52 किलो चांदी के आभूषण और 3.39 लाख नकद जब्त
00 पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता
00 कार में छह बैगों में भरकर ले जाए जा रहे थे आभूषण, दो व्यक्ति नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद: बसना पुलिस ने अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पलसापाली में वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और नकदी जब्त की है। पुलिस ने एक कार से 52.528 किलो चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, छह चांदी जैसी सिल्लियां और 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है। कार सहित कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 26 नवंबर को पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक सीजी 23 क्यू 9222 को रोककर तलाशी ली गई। कार में गोबरा नवापारा, जिला रायपुर निवासी उमेश कंसारी (45) और बेलटुकरी, जिला गरियाबंद निवासी रोशन कुमार साहू (40) सवार थे।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैगों में प्लास्टिक के डिब्बों में पैक चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट और करधन सहित विभिन्न आभूषण मिले। इसके अलावा चांदी के बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां भी बरामद हुईं। बैगों से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से चांदी और नकदी के स्वामित्व तथा परिवहन के संबंध में जीएसटी बिल, ई-वे बिल और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत चांदी के सामान, नकदी और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर सीलबंद कर दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।