
नईदुनिया न्यूज, खरियार रोड। लूटपाट की नियत से हाईवे पर पेड़ गिराकर एक वकील की कार रोकना बदमाशों को भारी पड़ गया। बदमाशों को अंदाजा भी नहीं हुआ कि जिस कार को उन्होंने इस तरह रोका है उसमें सवार व्यक्ति तीन साल तक मार्शलआर्ट्स का छात्र रहा है। नुआपड़ा निवासी 55 वर्षीय अमिताभ बोस(लाल्टू बोस) ने अपनी बहादुरी, सूझबूझ और मार्शल आर्ट्स के अनुभव से खुद और अपनी पत्नी को खतरे से बचाने के साथ साथ बदमाशों को अच्छा सबक भी सिखाया है। अमिताभ पेशे से वकील हैं।
घटना 30 सितंबर रात करीब साढ़े नौ बजे की है। अमिताभ बोस अपनी पत्नी के साथ कार से बरगढ़ से नुआपड़ा घर लौट रहे थे तब स्टेट हाईवे पर धारदार तलवार से लैस दो बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया। पाइकमाल से पांच किलोमीटर दूर मां तारिणी मंदिर से थोड़ा आगे बदमाशों ने अंधेरी सड़क पर पेड़ की डालियां गिराकर रास्ता जाम कर दिया था।
साफ मौसम में इस तरह रास्ता बंद देख अभिताभ ने स्थिति को भांप लिया। इस बीच डिवाइडर के पीछे से दो नकाबपोश लोग बाहर निकल आए। उनमें से एक के हाथ में तलवार थी। कार को घुमाकर या रिवर्स कर वापस पीछे जाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण था क्योंकि उन्हें रोकने बदमाश कार के शीशे तोड़ सकते थे। घबराने के बजाय अमिताभ बोस ने ठंडे दिमाग से काम लिया।
अमिताभ ने कार की खिड़की थोड़ी सी खोलकर शांतिपूर्ण और दोस्ताना तरीके से रास्ता बंद होने का कारण पूछा। लेकिन बदमाश उनसे जो भी गहना, नकद राशि और सामान उनके पास है उसे देकर निकलने की बात कहते हुए उन्हें डराने का प्रयास करने लगे। अमिताभ ने बदमाशों से कहा कि उनके पास कोई आभूषण नहीं है। आज के जमाने में कैश लेकर कौन चलाता है। जितनी राशि चाहिए यूपीआई से ट्रांसफर कर देंगे। इस तरह वे बदमाशों को उलझाने का प्रयास कर रहे थे ताकि इस बीच कोई मदद आ जाए और यदि बदमाशों के अन्य और साथी छुपे हो तो वे भी बाहर आ जाए। लेकिन इस दौरान कोई दूसरी गाड़ी नहीं आई, जिससे उन्हें मदद मिल सके।
फिर वे कार से खुद बाहर निकले और बदमाशों को बातों में उलझाते हुए कार से कुछ दूर हेडलाइट की रोशनी में ले गए। रोशनी मिलते ही उन्होंने फुर्ती से एक बदमाश को मार्शल आर्ट्स में सीखे दांव से दो राउंड घुमाकर पटका और दबोच लिया। अचानक हुए इस विरोध से दूसरा बदमाश घबरा कर भाग खड़ा हुआ।
इसी बीच उनकी पत्नी कार से बाहर आई और दूसरी गाड़ियों को रोक कर मदद मांगने लगी। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दस मिनट में पाईकमाल पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और पकड़ कर रखे गए बदमाश को हिरासत में लिया। अमिताभ की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरु की। पकड़े गए आरोपित की पहचान सुभाष चिंदा निवासी मागुरमाल उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई है। दूसरे फरार आरोपित को भी पकड़ लिए जाने की सूचना शनिवार को सामने आई है।