
महासमुंद (ब्यूरो)। स्थानीय श्रीराम टाकीज के पास गुरूवार सुबह साढ़े 9 बजे दामाद ने रुपए देने से मना करने पर अपने सास की गोली मारकर हत्या कर दी। कट्टे से चली गोली महिला के बाएं कंधे पर लगी और घटनास्थल पर ही महिला ने दम तोड़ दिया । घटना के बाद आरोपी दामाद ने सिटी कोतवाली पहुंचकर आत्मसर्मपण कर दिया । पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मूलतः उत्तर प्रदेश निवासी मनोज राजपूत ने महासमुंद निवासी श्यामाबाई से 22 साल पहले प्रेमविवाह किया है। आरोपी मनोज कोई काम-धंधा नहीं करता था उलटे नशे की हालत में जुआ खेलने में मशगूल रहता था। इससे पत्नी, सास और मनोज के बच्चे परेशान थे।
मनोज ने पत्नी से पैसे मांगे। इस बात पर पति पत्नी में जमकर विवाद हुआ। पति-पत्नी में झगड़ा होते देखकर सास केशरबाई ने दामाद को रोज-रोज रुपए मांगकर शराब व जुआ में न फूंकने की नसीहत दे डाली। इससे नाराज होकर मनोज ने अपनी सास को गोली मार दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी ने थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध भादवि की धारा 302, 323, 294, 506 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया है।