ओडिशा से उत्तरप्रदेश तक तस्करी का नेटवर्क: महासमुंद पुलिस ने कानपुर से किया गांजा तस्कर को गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी को कानपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इससे पहले परिवहनकर्ता और मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर 21 किलो से अधिक गांजा और अन्य सामग्री जब्त की थी।
Publish Date: Sat, 19 Sep 2026 10:52:14 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Sep 2026 10:54:21 PM (IST)
मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी पुलिस की गिरफ्त में। - पुलिसHighLights
- महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया
- मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी को कानपुर के महाराजपुर से गिरफ्तार किया
- मामले में पहले ही 21 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की कड़ी जोड़ते हुए मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी उर्फ राम मिलन तिवारी (34) को उत्तर प्रदेश के कानपुर महाराजपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में गांजा परिवहन करने वाले कैरियर और मुख्य सप्लायर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार थाना बसना के अपराध क्रमांक 38/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत 18 जनवरी को पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान काले रंग की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोका गया था। वाहन से सफेद बोरी में 21.620 किलो गांजा बरामद हुआ था। मौके से मलकानगिरी, ओडिशा निवासी उत्तम दास (35) को गिरफ्तार किया गया था।
सप्लायर को पहले किया गिरफ्तार
पूछताछ में उत्तम दास के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि गांजा बालीगुड़ा निवासी शिबा बींधानी उर्फ शिबू से लिया गया था और इसे गुड्डू तिवारी के कहने पर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर शिबा बींधानी को 20 जनवरी को गिरफ्तार किया।
प्रयागराज में चलाता है फास्ट फूड की दुकान
इसके बाद साइबर सेल और कॉल डिटेल के आधार पर गुड्डू तिवारी की पहचान सुनिश्चित की गई। प्रयागराज के टेंगाई चौराहा में फास्ट-फूड दुकान चलाने वाले गुड्डू को पुलिस टीम ने कानपुर के महाराजपुर से गिरफ्तार किया। वह कौशांबी का स्थायी निवासी बताया गया है। मामले में 21.620 किलो गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत करीब 11.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।