
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद भी जिले में राजस्व कार्यों की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। पटवारी तहसील कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित तो हो रहे हैं, लेकिन काम नहीं कर रहे हैं। इससे किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार नपटवारी संगठन के बीच हुए निर्णय के अनुसार, जब तक निलंबित एवं ब्रेक इन सर्विस वाले पटवारियों की बहाली नहीं होती, तब तक अन्य पटवारी भी काम नहीं करेंगे। संगठन के इस फैसले के चलते हड़ताल समाप्त होने के बावजूद राजस्व विभाग का कामकाज प्रभावित बना हुआ है। हालांकि इस संबंध में पटवारियो ने लिखित सूचना प्रशासन को नहीं दिया है।
पटवारियों के कार्यालयों में मौजूद रहने के बाद भी नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, जाति, आय एवं निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य नहीं हो पा रहे हैं। किसानों को धान खरीदी के दौरान भी जमीन और रकबा संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए पटवारियों की जरूरत पड़ रही है।
हड़ताल खत्म होने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब निराशा हाथ लग रही है। पटवारियों की बहाली और संगठन के निर्णय के बीच प्रशासनिक कामकाज प्रभावित है। ऐसे में आम लोगों को राहत कब मिलेगी, यह सवाल बना हुआ है।
संगठन ने किसी सदस्य को काम करने से नहीं रोका है। हड़ताल समाप्ति के बाद पटवारी काम कर रहे हैं। यह सही है कि महासमुंद जिला में निलंबित/ ब्रेक इन सर्विस वाले पटवारियों को हल्का नहीं दिया गया है, जबकि अन्य जिलों में सीएम के निर्देश के बाद सभी को प्रभार सौंप दिया गया है।- कमलेश डाहरे, जिलाध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ महासमुंद
हड़ताल समाप्ति के बाद पटवारी कागजी तौर पर काम पर लौट गए हैं, पर हल्का मुख्यालय में नहीं नजर आ रहे हैं, किसानो का काम नहीं कर रहे हैं। यह अनुचित है। अशवन्त तुषार साहू, किसान नेता महासमुंद