
महासमुंद (ब्यूरो)। नगर के आधी आबादी को दो साल बीतने के बाद भी आधार कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है। शहर के लोगों ने अक्टूबर-नवंबर 2012 में भारतीय विशिष्ट पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए उत्सुकता व लगन से बायोमेट्रिक्स पंजीयन कराया था। इनमें से पंजीयन कराने वाले 60 प्रतिशत से अधिक लोगों को अब भी आधार कार्ड नहीं मिला है। कई लोगों के पंजीयन निरस्त हो गए हैं। जिन्हें अब जाकर मोबाइल संदेश मिल रहा है। वहीं कई लोगों को यह भी नहीं मालूम कि उनका पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। लिहाजा लोग अब भी आधार कार्ड घर तक पहुंचने की प्रतीक्षा में हैं।
केवल 20 हजार लोगों तक पहुंचा कार्ड
अक्टूबर-नवंबर 2012 में पखवाड़े भरनगर के विभिन्न वार्डों में चले बायोमेट्रिक्स पंजीयन में 55 हजार से लोगों ने शिविरों में जाकर पंजीयन कराया था। पंजीयन कराने वालों में बच्चे, युवा, बुजुर्ग शामिल थे। कई लोगों ने आधार कार्ड पाने की हसरत में कामकाज बंद रखकर समय दिया था। बावजूद इनके कार्ड अब तक नहीं भेजे गए। डाकघर महासमुंद से मिली जानकारी के अनुसार अब तक शहर के 20 हजार लोगों का ही आधार कार्ड डाकघर को प्राप्त हुआ है। जिसे डाकिए के जरिए लोगों के पतों में पहुंचा दिया गया है। लिहाजा अभी भी 30 से 35 हजार लोगों तक आधार कार्ड नहीं पहुंचा है।
नगर पालिका में चल रहा कैंप
आधार कार्ड बनाने के लिए नगर पालिका में बीते तीन महीने से कैंप लगाया गया है। यहां हर दिन दर्जन भर नागरिक बायोमेट्रिक्स पंजीयन के लिए पहुंच रहे हैं। बायोमेट्रिक्स पंजीयन में लगे स्टाफ ने बताया कि पंजीयन के दो से तीन माह के भीतर लोगों के पतों में आधार कार्ड पहुंचाया जा रहा है। लेकिन नगर पालिका कैंप में पंजीयन कराने वाले लोग भी आधार कार्ड से वंचित हैं।
मैसेज मिलने के तीने महीने बाद भी नहीं पहुंचा कार्ड
इमलीभाठा निवासी शोभा शर्मा ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर 2012 में आधार कार्ड के लिए पंजीयन कराया गया था, जिसका मोबाइल पर 31 मई को आधार नंबर जनरेट होने का संदेश मिला। लेकिन पूरे तीन माह बीतने के बाद भी अब तक आधार कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है। टोल-फ्री नंबर से लें जानकारी
आधार कार्ड के पंजीयन संबंध में पंजीयन कराने वाले नागरिक टोल फ्री नंबर 18003001947 पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं। नागरिकों को अपना अस्थाई 14 अंकों का पंजीयन नंबर बताना होगा, जो कि पंजीयन स्लीप में लिखा हुआ रहता है। आधार नंबर जनरेट होने या नहीं होने की जानकारी नगर पालिका में लगे शिविर से भी ली जा सकती है। यहां राजस्व शाखा के एक कमरे में तीन महीने से लगातार कैंप लगाया गया हैं।
---