Mungeli News : मुंगेली(नईदुनिया न्यूज)। संगठन शक्ति की जीत में बड़ी भूमिका है। केंद्र की योजनाओं को लोगों को बताएं और प्रदेश सरकार की नकामियों को गिनाएं। जनता जानती है केंद्र सरकार उनके लिए कैसे काम कर रही है। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं मन की बात कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक जगदीश रामू रोहरा ने मुंगेली नगर, मुंगेली ग्रामीण, जरहागांव,सेतगंगा व सरगांव पथरिया मंडलों की बैठक में कही।
उन्होंने अटल परिसर में मुंगेली नगर व मुंगेली ग्रामीण मण्डल की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रम बूथ सशक्तिकरण,डाटा एंट्री,बूथ समिति, शक्तिकेंद्रों तथा मंडल पदाधिकारियों की जानकारी लेकर उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चुनावों में मुंगेली के कार्यकर्ताओं की एकता व लगन से कार्य करने की शैली की प्रशंसा कर आगामी चुनावों में पार्टी को विजय दिलाने के लिए जुट जाने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष शैलेश पाठक ने जिले का वृत्त प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गिरीश शुक्ला, राजेंद्र वैष्णव, शिवप्रताप सिंह, दीनानाथ केशरवानी, द्वारिका जायसवाल, मोहन भोजवानी, विनय पांडेय, सुनील पाठक, श्रीकांत पांडेय, संजय वर्मा, आशीष मिश्रा, शिवकुमार बंजारा, रजनी मानिकलाल सोनवानी, शंकर सिंह, राणाप्रताप सिंह, नरेश पटेल,सोम वैष्णव,मुकेश रोहरा,रामशरण यादव,नितेश भारद्वाज सहित मंडल के शक्तिकेंद्रों के प्रभारी,संयोजक व सह संयोजक तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदेश में 1300 करोड़ से अधिक की राशि का दुरुपयोग
मुंगेली। कांग्रेस की सरकार जबसे सत्ता में आई है, बेदर्दी से प्रदेश के संसाधनों की लूट की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कलंकित किया है। सबसे शर्मनाक घोटाला इस सरकार ने गोमाता के नाम पर किया है। विधायक पुन्नूलाल मोहले की उपस्थिति में उक्त बातें भाजपा के जिला अध्यक्ष शैलेश पाठक ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि कथित नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के नाम पर वोट हासिल किया। छत्तीसगढ़ियों की भावना से खिलवाड़ किया और इस मद में भी अभी तक सामने आए तथ्यों के अनुसार गोठान के नाम पर विभिन्न मदों से खर्च की गई 1300 करोड़ से अधिक की राशि का दुरुपयोग कर इसमें भारी घोटाला की गई है। नगर पालिका परिषद के रेहुंटा के गोठान का यही हाल है, तो गांव देहात के गोठान और उस के नाम पर मची लूट की कल्पना कर लीजिए। गोठान के नाम पर चल रहे गोरखधंधे में कांग्रेस सरकार ने सबसे अधिक पंचायतों, सरपंचों के हक पर ही डाका डाला है। विभिन्न मदों में पंचायतों के विकास के लिए आई राशि को सरपंचों से छीन कर सीधे उसे अनेक बहाने के साथ बंदरबांट कर लिया गया है। सरकारी दावे के अनुसार ही प्रदेश में कथित तौर पर 9790 गोठान कार्यरत हैं। शोभा के लिए कुछ कथित 'आदर्श गोठानों' को छोड़ दें तो कहीं भी कोई व्यवस्था नहीं है। सीएम कहते हैं कि प्रत्येक गोठान में लगभग आठ लाख से 19 लाख रुपये खर्च किया है। इसके अलावा 10 हजार रुपये प्रतिमाह रखर-रखाव के नाम पर अलग से गोठानों के नाम पर भेजा जा रहा है। उसका अधिकांश भाग भ्रष्टाचार की ही भेंट चढ़ रहा है। घोटाले बिना रोक-टोक के जारी रहे इसलिए नियमानुसार गोठान समिति का चुनाव भी नहीं कराया गया है। बड़ी संख्या में इसमें सत्ता के करीबियों ने बिना चुनाव के ही कब्जा कर लिया है।
भारत सरकार ने मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, 14वां वित्त, 15वां वित्त, एलड्ब्ल्यूजी, रूर्बन, डीएमएफ जैसे मदों में राशि भेजी है। उस पैसों को भी डायवर्ट कर गोठान के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया। विकास कार्यों के लिए आए तमाम पैसों को डायवर्ट कर देने के कारण पंचायतों में राशि ही नहीं बचे। सभी जगह कार्य ठप हैं। गांवों में रोड, नालियां बनना बंद है प्रत्येक गोठान में 300 गाय रखने का नियम है। शायद ही किसी में इतनी गायें हों। इसी तरह गोबर खरीदी के नाम पर प्रति माह करोड़ों का भुगतान कांग्रेस सरकार कर रही है। लेकिन वे पैसे कहां जाते हैं, इसका कोई पता नहीं है। इस ख़रीदी के नाम पर ऐसे ऐसे लोगों के नाम भुगतान किए गए हैं, जो संबंधित स्थानों पर रहते भी नहीं हैं। भाजपा ने उसकी शिकायत भी अनेक जगह की है।
Posted By: Yogeshwar Sharma
- # BJP worker
- # meeting
- # Mungeli News