Mungeli News: मुंगेली(नईदुनिया न्यूज)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अरुण साव ने मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के मुंगेली नगर पालिका परिषद के रेंहुटा गोठान में निरीक्षण करके पंचनामा लिया। उन्होंने कहा गोठान के नाम से भ्रष्टाचार किया गया है।
गोठान में उन्होंने देखा मजदूर पशु आहार टांका आदि का सफाई कर रहे थे। गायों के विश्राम के लिए शेड नहीं बनाया गया था। शेड लगाने की तैयारी की जा रही थी। बकरी, मुर्गी के लिए शेड बनाया ही नहीं गया था। जबकि गोठानों में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 14वां वित्त,15वां वित्त, मनरेगा और डीएमएफ जैसे विभिन्न मदों से गांव व क्षेत्र के विकास के लिए भेजी गई राशि को सरपंचों पर दबाव पूर्वक गोठान में उपयोग कराया गया। उन्होंने गांव वालों के साथ चर्चा की।
गांव वालों ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा भेजी गई राशि को गांव के बिजली,पानी, स्वच्छता, स्कूल, अस्पताल में खर्च किया जा सकता था,उस पैसे का गौठान के नाम पर दुरुपयोग करके भारी भ्रष्टाचार की गई है। दो रुपये किलो की दर से गोबर को गांव वालों से खरीदने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। 10 गुना ज्यादा वर्मी कंपोस्ट के नाम पर मिट्टी, मुरम युक्त खाद उसी क्षेत्र के किसानों को 10 रुपये प्रति किलो की दर से जबरन सोसायटी के माध्यम से बेचा जा रहा है। जो किसान नहीं लेना चाहते, उन्हें सोसायटी की अन्य सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया जा रहा है। गोठान निर्माण में भी भारी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार को साफ तौर पर देखा जा सकता है।
इस दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा नरवा, गरवा, घुरवा,बाड़ी योजना के अंतर्गत गोठान के नाम पर किए जा रहे भ्रष्टाचार की पोल खोली गई है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, राजेंद्र वैष्णव, द्वारिका जायसवाल, प्रेम आर्य, मानिकलाल सोनवानी ,दीनानाथ केशरवानी, श्रीकांत पांडेय, दुर्गा उमाशंकर साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन मल्लाह,नगर भाजपा अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह, शंकर सिंह, सोम वैष्णव, नितेश भारद्वाज, सुनील पाठक अन्य उपस्थित थे।
प्रत्येक गोठानों मे कांग्रेस ने की भ्रष्टाचार
बिल्हा(नईदुनिया न्यूज)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने चलबो गोठान खोलबो पोल अभियान में केशला में बने गोठान एवं मोहदा, पौसरी, अमेरीकापा के आश्रित गांव एठुलकापा के गोठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा जिला में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा गोठान की स्थिति बद से बदतर हो गई है। गोठान में सही तरह से बाउंड्री तक नहीं है, टैंक सूखा है। विगत दो वर्षो में समूह को वर्मी कम्पोस्ट का पैसा अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है इसके साथ ही गोठानों में मेहनत करके कार्य कर रहे सदस्यों को राशि ही प्राप्त नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गोबर खरीदी की गुणगान करती है किन्तु बिल्हा गौठान के अंतर्गत केवल चार से पांच लोगों के द्वारा गोबर बेचा जाता है। उन्होंने कहा कि कहा कि पूरे प्रदेश में गौठान के नाम पर केंद्र की राशि की दुरूपयोग की गई है। उन्होंने कहा कि गोठान के नाम पर करोड़ों का घोटाला कर रही है । अवसर पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक कृष्णमूर्ति बांधी, विधायक रजनीश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, हर्षिता पांडेय , रामदेव कुमावत उपस्थित हुए।