जीजा से हुआ विवाद तो साले में पेट्रोल डालकर घर में लगाई आग, आरोपित गिरफ्तार
मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम चनाडोंगरी में रंजिश के चलते एक युवक द्वारा घर में आग लगाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Fri, 01 May 2026 06:52:50 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 06:54:26 PM (IST)
पुलिस गिरफ्त में आरोपित सुनील कुमार मार्को। नईदुनियाHighLights
- ग्राम चनाडोंगरी में रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम
- जांच में सामने आया, पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी
- पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया
नईदुनिया न्यूज, पेंड्रा। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम चनाडोंगरी में रंजिश के चलते एक युवक द्वारा घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना में करीब एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को प्रार्थी उत्तम सिंह पिता चंद्रभान सिंह ने मरवाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सामान और छप्पर पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
जांच में सामने आया, पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में एएसपी अविनाश कुमार मिश्रा और एसडीओपी मरवाही के मार्गदर्शन में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम की जांच में सामने आया कि पेट्रोल डालकर आग लगाई गई थी।
जांच के दौरान पता चला कि सुनील कुमार मार्को के जीजा का कुछ दिन पहले प्रार्थी उत्तम सिंह से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते सुनील कुमार मार्को ने 25 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे, जब प्रार्थी घर पर नहीं था, पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया
पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना मरवाही में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को कानून के दायरे में सुलझाने की अपील की है।