नईदुनिया न्यूज, मुंगेली : जिला प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व स्वतंत्रता-तिरंगा रैली निकाली गई। रैली आगर खेल परिसर से प्रारंभ होकर दाऊपारा चौक होते हुए कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में समाप्त हुई।
इसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट के विद्यार्थी, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, स्कूलों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भारत माता की जय, हर-हर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, जय जवान, जय किसान का नारा लगाते हुए भारत की आजादी में योगदान देने वाले वीर सपूतों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।
इस अवसर पर कलेक्टर राहुल देव, एसपी गिरिजाशंकर जायसवाल, डीएफओ संजय यादव, अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय , सीईओ प्रभाकर पांडेय, एएसपी विवेक शुक्ला एवं पंकज पटेल, संयुक्त कलेक्टर मेनका प्रधान, एसडीएम मुंगेली पार्वती पटेल, डिप्टी कलेक्टर अजय शतरंज सहित प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी रैली में शामिल हुए।
कलेक्टर ने कर चले हम फिदा जानो तन साथियों गीत के जरिए बांधा समा
रैली के समापन के अवसर पर कलेक्टर ने जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के दिन देश भर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल होता है। लोग इस दिन जश्न मनाते हैं और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं। आज तिरंगा रैली के दौरान बहुत अच्छा माहौल रहा। प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप हर घर तिरंगा अभियान को भी सफल बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने कर चले हम फिदा जानो तन साथियों, अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों गीत के जरिए समा बांधा और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर देश की सेवा में कार्य करने जनसमुदाय को प्रेरित किया। संयुक्त कलेक्टर प्रधान ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। एसडीएम पटेल ने कहा कि देश को प्रगतिशील बनाने के लिए सभी प्रयास करें। वरिष्ठ नागरिक धनेश सोलंकी ने कहा कि आज के पीढ़ी को मालूम होना चाहिए, हमें जो आजादी मिली है, वह देश के स्वतंत्रता सेनानियों के कारण मिली है। प्रमोद पाठक ने कहा कि शहीदों को याद करने लिए यह पुनीत अवसर है।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को वितरण किया तिरंगा झंडा, दिलाई शपथ
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति गीत गाकर अपने विचारों को व्यक्त किए। कलेक्टर और एसएसपी ने एनसीसी, एनएसएस, स्काउट और देशभक्ति गीत गाने वाले विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही तिरंगा झंडा वितरण करते हुए हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को तिरंगा फहराने, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों की भावना का सम्मान करने और भारत के विकास और प्रगति के लिए खुद को समर्पित करने शपथ भी दिलाया। कार्यक्रम के समापन में वरिष्ठ खेल अधिकारी संजय पाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में माइक का संचालन शिक्षक रामपाल सिंह ने किया।