प्रशासन की आखों में धूल झोंककर संचालित हो रही राइस मिलें
नगर के बीचों-बीच कई वर्षों से नियमो को ताक में रखकर प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर अवैध तरीके से खुलेआम राइस मिलों का संचालन किया जा रहा है,इसकी शिकायत लोगों ने कलेक्टर से कर कार्रवाई की मांग की है।
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 12 Mar 2024 11:58:33 PM (IST)
Updated Date: Tue, 12 Mar 2024 11:58:33 PM (IST)
HighLights
- प्रशासन की आखों में धूल झोंककर संचालित हो रही राइस मिलें
- शिकायत के बाद नगर पालिका के अधिकारी नहीं कर रहे कार्रवाई
- लोगों को हो रही परेशानी,गिनाई समस्याएं
नईदुनिया न्यूज, रतनपुर । नगर के बीचों-बीच कई वर्षों से नियमो को ताक में रखकर प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर अवैध तरीके से खुलेआम राइस मिलों का संचालन किया जा रहा है,इसकी शिकायत लोगों ने कलेक्टर से कर कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड क्रमांक दो तथा सात में जहां पर बड़ी संख्या में लोग रहते हैं,उस जगह पर अनाधिकृत तरीके से प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर अवैध रूप से राइस मिलों का संचालन किया जा रहा है। सारे नियम कानून को परे रखकर बिना प्रशासकीय स्वीकृति के राइस मिलों का निर्माण कर प्रशासन को हर माह लाखों रुपए की राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। मिलो में न ही पर्यावरण विभाग की स्वीकृति है और ना ही सिटी एंड कंट्री प्लानिंग की। यहां तक नगर पालिका से निर्माण सम्बन्धी अनुमति तक नहीं ली गई है। अनमोल तथा शिवान राइस मिल में बिना पर्यावरण विभाग के अनुमति के बगैर विद्युत मीटर अवैध रूप से लगाकर मिल संचालित की जा रही है। इसी प्रकार से दर्जन भर राईस मिल बस्ती में संचालित है।
संबंधित विभाग के आला अफसरों तथा छोटे नेताओं की सरपरस्ती में नगरपालिका क्षेत्र में लगभग दर्जन भर राइस मिलें अवैध रूप से संचालित है,इनके पास राइस मिल से सम्बंधित दस्तावेज ही उपलब्ध नहीं है,निकाय क्षेत्र में राघव राइस मिल, शिवान राइस मिल,अनमोल राइस मिल,ओम राइस मिल,मीरा राइस मिल,आदित्य राइस मिल सहित अन्य राइस मिलें संचालित हो रही है। नगर के प्रदीप ठाकुर ने कलेक्टर से सम्बंधित राइस मिलों के आरटीआई से प्राप्त सत्यापित दस्तावेज शिकायत के साथ पेश कर कार्रवाई की मांग की है।