यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
किराना दुकान में चोरी, सीसी टीवी और डीवीआर भी ले उड़े
खोडरी में रेलवे स्टेशन के पास एक किराना दुकान में चोरों ने धावा बोलकर नगदी, जेवर सहित सीसी टीवी और डीवीआर भी पार कर दिए।
By Yogeshwar SharmaEdited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Sat, 13 Jan 2024 12:17:40 AM (IST)Updated Date: Sat, 13 Jan 2024 12:17:40 AM (IST)

पेंड्रा (नईदुनिया न्यूज)। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के खोडरी में रेलवे स्टेशन के पास एक किराना दुकान में चोरों ने धावा बोलकर नगदी, जेवर सहित सीसी टीवी और डीवीआर भी पार कर दिए। चोर गिरोह ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार खोडरी रेलवे स्टेशन के पास किशन साहू किराना दुकान संचालक है। सामने दुकान और घर है बीती रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि दुकान के सामने का शटर का लाक तोड़कर चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए। गल्ले में रखे लगभग 25 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर घर के अंदर पहुंचे। घर की महिला के जाग जाने पर उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी। चोरों ने कमरे में रखी लोहे की अलमारी के लाकर को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर दिए। इसमें चार लाख 50 हजार रुपये करीब होने की बात कही। उन्होंने बताया कि चोरों की संख्या तीन-चार थी। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान और उसके बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और दुकान के अंदर लगे डीवीआर को भी अपने साथ ले गए।
वारदात में एक ख़ास बात और थी कि चोरों ने बाहर से घर के अंदर बड़े-बड़े पत्थर ले गए जो दरवाजे में अड़ा दिया था। इसमें दो बड़े पत्थर दुकान के सामने पड़े मिले। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस और साइबर सेल ने मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर कचरे की ढेर से सीसीटीवी कैमरे को जब्त किया है, लेकिन डीवीआर पुलिस के हाथ नहीं लगा है। मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल रेलवे ट्रेक और स्टेशन के पास की है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि चोर ट्रेन से ही मौके पर पहुंचे होंगे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए होंगे। पुलिस फिलहाल मामले में जांच कर रही है।