नारायणपुर। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नारायणपुर प्रवास नवविवाहित जोड़ों के लिए यादगार बन गया। भूपेश बघेल अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजनांतर्गत 251 जोड़ों को आशीर्वाद देने विवाह स्थल पर पहुंचे। बघेल ने नवविवाहित जोड़ो को बधाई दी। उनके मंगलमय भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की।
पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद प्रदान किया और नवविवाहित जोड़ों से बातचीत भी की। सफल दांपत्य जीवन की कामना करते हुए नवविवाहित जोड़ों के साथ विवाहोत्सव को यादगार बनाने मुख्यमंत्री सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नवविवाहित जोड़े भी काफी प्रफुल्लित थे। विवाहोत्सव में शामिल होने के बाछ मुख्यमंत्री मुख्य समारोह स्थल हाइस्कूल खेल मैदान पहुंचे और विभिन्ना कार्यक्रमों में शामिल हुए। यहां उन्होंने अबूझमाड़ सर्वे के नवसर्वेक्षित गांव के हितग्राहियों को सामग्रियों का किट व चेक वितरण किया।
इस अवसर पर बस्तर सांसद दीपक बैज, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती नेताम, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मांझी, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी सहित आईजी सुंदरराजन पी, कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अबूझमाड़ के किसानों को बांटी पुस्तिका
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ओरछा विकासखंड के 516 कृषकों को मसाहती खसरा पुस्तिका प्रदान किया। इसके साथ ही राजस्व विभाग के 115 जाति प्रमाण पत्र, सहकारिता विभाग के 325 किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि विभाग के 45 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनाएं, 11 स्प्रिंकलर सेट सहित कृषि, पशुपालन विभाग, क्रेडा, सहित विभिन्ना विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत सामग्रियों का वितरण किया।
127 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भूपेश बघेल ने नारायणपुर प्रवास के दौरान जिलेवासियों को 127 करोड़ 83 लाख रूपये के 101 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले को विकास कार्यों की सौगात दी। जिनमें 72 करोड़ आठ लाख 25 हजार के 46 कार्यों को लोकार्पण व 55 करोड़ 75 लाख रूपये के 55 कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके पूर्व नारायणपुर आगमन पर बालक हाईस्कूल मैदान में उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के स्थानीय कलाकारों द्वारा परम्परागत आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित करते नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मावली ब्रांड को किया लांच
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर प्रवास के दौरान महिला समूह द्वारा उत्पादित सामग्री के बिक्री के लिए मावली ब्रांड को लांच किया। महिला स्व सहायता समूह के 340 महिलाओ द्वारा उत्पादित सामग्री को इसमे शामिल किया गया है जिसकी बिक्री सी-मार्ट के द्वारा की जाएगी। इस दौरान महिला समूह की आजीविका में वृद्धि हेतु महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं को 12 ई-रिक्शा प्रदान किया। ई-रिक्शा के मिल जाने से महिला समूह को उत्पादित सामानों के परिवहन में समस्या नही आएगी और वे आसानी से सामानों की आपूर्ति दूरदराज के क्षेत्रों तक कर पाएंगे।
जिला अस्पताल अब बद्रीनाथ बघेल के नाम पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर जिला अस्पताल का नाम नारायणपुर के पूर्व विधायक बद्रीनाथ बघेल के नाम पर करने का एलान किया।