
नारायणपुर। देश के सबसे दुर्गम जंगली इलाकों में से एक अबूझमाढ़ में भारी बारिश के बाद अब महामारी के हालात पैदा हो रहे हैं। यहां अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है और क्षेत्र के कई गांव के लोग बीमारियों की चपेट में हैं। उल्टी-दस्त के साथ लोगों को बुखार हो रहा है और कई लोगों की हालत बेहद खराब है। गांव के हालात को बयां करते हुए वहां के सरपंच ने एक भावुक पत्र नईदुनिया के नाम लिखा है, जिसमें गांव की वस्तु स्थिति दर्शाई गई है।
साथ ही सरपंच ने यह आशा व्यस्त की है कि लोकप्रिय समाचार पत्र और वेबसाइट के माध्यम से जारी खबर शासन प्रशासन तक पहुंचे और उनकी समस्या का निराकरण हो।
पत्र में सरपंच ने यह लिखा
नईदुनिया के नाम लिखे पत्र में सरपंच रामजी ध्रुव ने बताया है कि बारिश के मौसम में गांव में महामारी के हालात बन रहे हैं। यहां अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है। गांव में कई लोगों को छोटी माता बीमारी का प्रकोप है साथ ही उल्टी-दस्त के चलते हैजा के हालात बन रहे हैं।

सरपंच ने पत्र में आगे बताया कि साल 2013 में भी यहां महामारी फैली थी। सुदूर अंचल के इस गांव में उस वक्त कोई भी मेडिकल टीम नहीं पहुंच पाई थी। हमारे स्थानीय संवाददाता ने इस बारे में खबर प्रकाशित की और इसके बाद वहां मेडिकल टीम पहुंची और हालात को काबू में किया गया।
उस समय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में लगातार 20 दिन तक कैंप लगाकर लोगों का इलाज किया था। एक बार फिर यहां वैसे ही हालात हैं और लोगों को चिकित्सा सेवा की जरूरत है।
बेहद दुर्गम इलाका
बस्तर का अबूझमाढ़ एक ऐसा सघन जंगली इलाका है जहां पहाड़ों की तलहटी के नीचे के इलाकों तक सूरज की रोशनी भी नहीं पहुंच पाती। इस इलाके में आज आजादी के 7 दशक बाद भी स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत बेहद कमजोर है और डॉक्टर यहां चिकित्सा सेवा देने के लिए भी तैयार नहीं होते।