
नईदुनिया न्यूज, नारायणपुर। माओवादियों द्वारा पहले जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक डंप की तलाश में सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी अभियान के तहत नारायणपुर के अदनार क्षेत्र में संयुक्त टीम ने पुराने डंप का पता लगाया है। सर्चिंग के दौरान डंप से 10 राइफल, दो बैरल ग्रेनेड लांचर, 13 जीवित बीजीएल शेल, 16 कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक बरामद किया गया।
29 अगस्त को नारायणपुर पुलिस और 129वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम अदनार क्षेत्र के जंगल में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया पुराना डंप मिला।
जवानों ने डंप की तलाशी ली तो उसमें हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री रखी मिली। सुरक्षा बलों ने सभी सामान को बरामद कर लिया।
बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, चार .315 राइफल और पांच 12 बोर राइफल शामिल हैं। इसके अलावा दो बैरल ग्रेनेड लांचर और एक टेलिस्कोपिक साइट भी मिली है। तलाशी के दौरान 13 जीवित बीजीएल शेल, 12 बोर के 16 कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक भी बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों के अनुसार, यह डंप माओवादियों ने पहले जंगल में छिपाकर रखा था। क्षेत्र में लगातार चल रहे सर्चिंग और एरिया डामिनेशन अभियान के दौरान ऐसे पुराने डंप सामने आ रहे हैं।
माओवादी गतिविधियों से मुक्त हो चुके बस्तर को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। अभियान के तहत उन स्थानों की भी तलाश की जा रही है, जहां माओवादियों ने पहले हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक छिपाकर रखे थे।
पुलिस के अनुसार, पुराने डंप की बरामदगी से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों से जुड़े बचे हुए संसाधनों को हटाने में मदद मिलेगी। इससे जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए पुराने डंप को बरामद किया।
31 मार्च के बाद भी बस्तर के अलग-अलग जंगलों में माओवादियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सुरक्षा बलों की सर्चिंग के दौरान मिल रहे हैं। नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा में हुई बरामदगियों से स्पष्ट है कि पुराने डंप की तलाश अभी भी सुरक्षा अभियानों का अहम हिस्सा बनी हुई है।
12 मई, नारायणपुर। अबूझमाड़ के जंगल में बड़े डंप से एक करोड़ एक लाख 64 हजार रुपये नकद, तीन एके-47, तीन एसएलआर, अन्य राइफलें और 132 बीजीएल सेल समेत इलेक्ट्रानिक डेटोनेटर व कारडेक्स वायर बरामद किए गए।
13 मई, बीजापुर। माओवादियों के तीन ठिकानों से 65.52 लाख रुपये नकद, 32 हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किए गए। यह कार्रवाई दो सप्ताह तक चले अभियान के दौरान हुई।
3 मई, दंतेवाड़ा। बारसूर क्षेत्र के जंगल में माओवादियों का बड़ा विस्फोटक डंप मिला। सर्चिंग में करीब 10 किलो का पाइप बम, आइईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
29 अप्रैल, कांकेर। जंगल में सर्चिंग के दौरान पांच-पांच किलो के सात कुकर आइईडी, दो पाइप बम, कोडेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
30 अगस्त, नारायणपुर। अदनार के जंगल में पुराने डंप से 10 राइफल, दो बैरल ग्रेनेड लांचर, 13 बीजीएल शेल, 16 कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक बरामद हुआ।