
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: सुबह की हल्की ठंड और आंवला नवमी की पावन सुबह-रायगढ़ के बनोरा गांव में मानो हर घर के दरवाजे एक ही दिशा में खुल रहे थे। किसी के हाथ में चावल की पोटली थी, किसी के हाथ में ताजी सब्जियां, तो कोई दाल और अन्य सामग्री लेकर अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट बनोरा आश्रम की ओर बढ़ रहा था। यह किसी एक परिवार का आयोजन नहीं था, बल्कि पूरे गांव के साझा परिश्रम और आस्था का उत्सव था।
आश्रम परिसर में कदम रखते ही भक्ति और सेवा का अनोखा संगम दिखाई देने लगा। महिलाओं ने बड़े प्रेम और श्रद्धा से पूजा की थाल सजाई, जबकि पुरुषों ने भोजन की व्यवस्था की कमान संभाली। बच्चे भी पीछे नहीं थे-उनकी चहल-पहल और उत्साह ने पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर दी। सबके सहयोग से खीर, पूड़ी, सब्जी और चावल का प्रसाद तैयार हुआ।
मान्यता है कि आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है, और इसकी छांव में पूजा व भोजन करने से सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। इसी विश्वास के साथ ग्रामीणों ने विधि-विधान से आंवला वृक्ष का पूजन किया। पूजन के बाद आश्रम परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद आया वह पल, जिसका सबको इंतजार था-पंगत में बैठकर साथ भोजन करने का। गांव के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, बच्चे और शहर से आए श्रद्धालु-सभी एक साथ पंक्ति में बैठे। न कोई भेदभाव, न कोई औपचारिकता; बस आपसी सौहार्द, भाईचारे और आस्था की मिठास थी।
यह तस्वीर कोई नई नहीं थी। वर्ष 1993 में अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट की स्थापना के साथ शुरू हुई यह परंपरा पिछले 32 वर्षों से बिना रुके, बिना थके हर साल ऐसे ही जीवंत होती आ रही है। अघोर संत बाबा प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में जहां आश्रम में सालभर विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन होते रहते हैं, वहीं आंवला नवमी का यह दिन गांव के लिए एक खास सूत्र बन गया है।
बनोरा के लोगों के लिए यह केवल पूजा या सामूहिक भोज नहीं है, बल्कि पूरे गांव को एक धागे में पिरोने वाला पर्व है-जहां हर घर से कोई न कोई आता है, आंवले की छांव में बैठता है और साथ मिलकर खुशहाली व शांति की दुआ मांगता है।