_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। जिले के पूर्वाचल क्षेत्र के भगोरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव में अलग-अलग स्थानों पर रखी शराब का सेवन तीन ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो गया। संदिग्ध परिस्थितियों में रखे शराब का सेवन के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। जिसमे एक की मौत हो गई और दो हालत बिगड़ गई थी। घटना के बाद मृतक के स्वजन और गांव में शराब में जहरीला पदार्थ इंजेक्शन के माध्यम से डालने की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल दीवाली के दूसरे दिन घर के बाड़ी में रखे अज्ञात व्यक्ति के द्वारा अंग्रेजी शराब का सेवन किया गया था। ऐसा ही वाक्या गांव के अन्य दो लोग विकास गुप्ता उम्र 25 साल तथा समय लाल उम्र करीब 45 साल के घर के सामने में भी शराब रखा गया था। जिसे उक्त दोनों व्यक्तियों ने भी सेवन किया। वहीं मृतक 62 वर्षीय दशरू राठिया के बेटे मुकेश पटेल ने पुलिस को दिए मर्ग पंचनामा बयान में बताया कि वह 9 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे उठा और बाड़ी तरफ गया था तो देखा कि एक अंग्रेजी शराब का 180 एमएल में पड़ा था। जिसे उसके पिता द्वारा सेवन कर लिया गया। इसके बाद खेत में काम करने चले गए।
खेत में काम करने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के अशर्फी देवी अस्पताल ( रूपेंद्र पटेल) में उन्हें भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान 16 नवंबर की सुबह उसके पिता ने दम तोड़ दिया।
वहीं पूरे प्रकरण में चिकित्सक के द्वारा अज्ञात जहर का उल्लेख किया गया। इधर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वहीं दो अन्य विकास तथा समय लाल की हालत में सुधार होने पर उन्हें 14 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बहरहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जबकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम तथा पुलिस की जांच में शराब रखने वाले कि असल जानलेवा करस्तानी का राजफाश हो पाएगा।
इंजेक्शन से शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका
इस घटना के बाद शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दरअसल वर्तमान में जिस ब्रांड के शराब की बात स्वजनों के द्वारा कही गई है वह गोवा ब्रांड है, जो प्लास्टिक के बोतल में आ रही है। यही वजह है कि परिजनों को संदेह है कि शराब की बोतल में इंजेक्शन के माध्यम से कोई विषैला पदार्थ डाला गया होगा। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी थी या नहीं और दशरू पटेल की मौत की वास्तविक वजह क्या रही।
व्यक्तिगत दुश्मनी और राजनीतिक रंजिश की चर्चा से ग्रामीणों में नाराजगी
गांव में तीन ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने और एक की मौत के बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर अलग-अलग स्थानों पर शराब किसने रखी थी और इसके पीछे क्या मंशा थी। व्यक्तिगत दुश्मनी और राजनीतिक रंजिश के चलते ऐसा किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इन चर्चाओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों में घटना की वास्तविक वजह सामने लाने और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने की मांग उठ रही है।
वर्जन
बेटे ने द्वेष की जताई आशंका- मुकेश
मृतक दशरू के पुत्र बीडीसी क्षेत्र क्रमांक 10 के मुकेश राठिया ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे राजनीतिक द्वेष हो सकता है। उनका कहना है कि उनके पिता को बाड़ी में रखी शराब मिली थी, जिसका सेवन करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि शराब में इंजेक्शन के माध्यम से जहरीला पदार्थ मिलाया गया हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
वर्जन
इस मामले में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया हैं। शराब में जहर मिलाने की बात सामने आई है इस प्रकरण में पहलू पर सघन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरे तथ्य का उजागर होगा, और आगे की कार्रवाई को पूर्ण की जाएगी।
राकेश मिश्रा, निरीक्षक थाना प्रभारी चक्रधर नगर