
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़ : कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी किशोरी को अपने पिता की समझाइश इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही चुन्नी से घर की म्यार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिला अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ली है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी ने बीती रात अपनी चुन्नी से घर के म्यार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को किशोरी के पिता ने बताया कि वह देर रात तक फोन चलाती थी और सुबह नींद के कारण किसी काम में उसका मन नहीं लगता था। घर वालों की हर बात पर गुस्सा करने लगी थी इसलिए सोमवार की रात उसने मोबाइल से दूर रहने की बात कहकर मोबाइल छीन कर अपने पास रख लिया था। इसके बाद घर वालों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया। मंगलवार की रात जब खाना खाकर सो रहे थे इस दौरान जब उसकी पत्नी शौच के लिए गई तब बेटी को फंदे पर लटका देखा। घर के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी और फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लाया।
दिनदहाड़े मजदूर के घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने 13 हजार रुपये नगद सहित सोने चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। चोरी की वारदात खरसिया थाना क्षेत्र की है।इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया थानांतर्गत ग्राम बोतल्दा निवासी चमारसिंह केंवट जो कि मजदूरी काम करता है। सोमवार को वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ खेत में काम करने गया था।
वहीं उसकी दो बेटियां घर में ताला बंद कर स्कूल गई थी। वे लोग काम कर लगभग डेढ़ बजे घर लौटे तो दरवाजे का ताला टुटा देख उनके होश उड़ गये। घर में चोरी होने की आशंका से अंदर जा कर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। वहीं पेटी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने का फदक 9 नग, कान का झुमका दो जोड़ी, एक सोने की फुली, एक जोड़ी चांदी का लच्छा, चांदी की पायल दो जोड़ी, चांदी की चूड़ी 4 नग जिनकी कीमत लगभग 31 हजार रुपये एवं नगद रकम 13 हजार रुपये कुल जुमला 44 हजार रूपए किसी ने पार कर दिया था। चमारसिंह केंवट ने खरसिया थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध 305 (ए), 331(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।