_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, प्रतापपुर: धोंधा में अंधरवा नदी पर लंबे समय से की जा रही पुल निर्माण की मांग जब पूरी नहीं हुई तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को धोंधा सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने बनारस मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बनारस मार्ग स्थित धोंधा के अटल चौक पर मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर धरना-प्रदर्शन शुरू किया और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। करीब एक घंटे तक चले चक्काजाम से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी (PWD) के कार्यपालन अभियंता ने पुल निर्माण के लिए जल्द पहल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यपालन अभियंता ने बताया कि रपटा पुल निर्माण के लिए 36 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
वहीं, प्रतापपुर विधायक की ओर से भी तत्काल राहत के लिए कच्चे अस्थायी रपटा निर्माण हेतु दो लाख रुपये की स्वीकृति दिलाने की बात सामने आई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय पुलिस और डांड़करवां के नायब तहसीलदार संजय शर्मा भी मौजूद रहे।
धोंधा में अंधरवा नदी पर बना पुल बटई सहित दर्जनों गांवों को बनारस मार्ग से जोड़ने का प्रमुख साधन था। बारिश के मौसम में नदी में आई बाढ़ के कारण यह पुल बह गया। इससे पहले ही पुल की स्थिति जर्जर हो चुकी थी और उसका बीच का हिस्सा दब गया था।
आवागमन का प्रमुख रास्ता ठप: खतरे को देखते हुए पुल के आगे सड़क पर गड्ढा कर दिया गया था ताकि ट्रैक्टर और पिकअप जैसे भारी वाहन न गुजर सकें और केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति थी। पुल की खराब हालत को देखते हुए बगल में रपटा पुल बनाया गया था, लेकिन वह भी पहली ही बारिश की बाढ़ में बह गया और बाद में दबा हुआ पुल भी बाढ़ में बह गया। इससे दर्जनों गांवों के लोगों का प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
नए बने रपटा पुल के पहली ही बारिश में बह जाने के बाद उसके निर्माण में अनियमितता के आरोप भी लगे थे। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई सामने नहीं आई। पुल और रपटा दोनों के बहने के बाद से ग्रामीण लगातार नए पुल की मांग कर रहे थे और समाधान न होने से नाराजगी बढ़ने पर सोमवार को चक्काजाम किया गया।