यूट्यूब चैनल से मिलते रहे सुराग, गांव पहुंची घरघोड़ा पुलिस तो हाथ लगा फरार चोर
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत बाइक और मोबाइल चोरी के एक फरार आरोपी विकास चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के यूट्यूब चैनल की गतिविधियों को ट्रैक कर रही थी, जिससे उसके गांव में छिपे होने का सुराग मिला। इससे पहले उसके साथी निगरानी बदमाश महेश पैंकरा को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Publish Date: Wed, 02 Sep 2026 08:14:16 PM (IST)Updated Date: Wed, 02 Sep 2026 08:14:16 PM (IST)
मुख्य आरोपी महेश पैंकरा गिरफ्तारHighLights
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस की बड़ी सफलता।
- सोशल मीडिया पर सक्रियता बनी गिरफ्तारी का कारण।
- तकनीक और मुखबिर तंत्र के तालमेल से शातिर चोर पहुंचा जेल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: बाइक और मोबाइल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपित की तलाश में घरघोड़ा पुलिस उसके यू-ट्यूब चैनल पर भी नजर रख रही थी।लेकिन उसकी गतिविधियां ही उसकी गिरफ्तारी का रास्ता बन गईं। इसी दौरान मुखबिर से उसके गांव में मौजूद होने की सूचना मिली और पुलिस ने चुहकीमार में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल फुलीकुण्डा निवासी बसंत राठिया खाद लेने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-13-यूए-3703 को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया था। बाइक के हैंडल में टंगे झोले में उसका रेडमी मोबाइल रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब थे। रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पहले पकड़ा गया महेश, खुला दूसरे आरोपित का राज
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर निगरानी बदमाश महेश पैंकरा (34), निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें- भोपाल एक्सप्रेस में कटनी से बिलासपुर आ रही महिला के साथ हुई थी वारदात, नींद खुलने पर गायब था पर्स
पूछताछ में महेश ने पुलिस को बताया कि वारदात में चुहकीमार निवासी विकास चौहान भी उसके साथ शामिल था। इसके बाद विकास पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी तलाश लगातार जारी रही। पुलिस को छानबीन में ज्ञात हुआ कि विकास चौहान की यूट्यूब चलाने की जानकारी मिली ऐसे में उसकी यूट्यूब चैनल की गतिविधियों को भी ट्रेस किया गया।
ततपश्चात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में विकास ने महेश पैंकरा के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। वहीं पुलिस ने कानूनी को पूर्ण कर जेल भेजा हैं।