
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: जंगल से भटककर गांव के पास पहुंचे एक चीतल का शिकार करने का मामला सामने आया है। घटना रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र के देलारी गांव की है, जो शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है। इस मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांच ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल की दोपहर चीतल पानी पीने के लिए गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने चीतल को बचाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।
चीतल की मौत के बाद आत्माराम राठिया, मयाराम राठिया, हरिचरण साव, तरुण साव और मोतीलाल अगरिया ने उसका शिकार कर लिया। इसके बाद तालाब के पास ही मांस का आपस में बंटवारा कर लिया गया।
मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के घरों में छापेमारी की। जांच के दौरान उनके घरों से मांस (सब्जी) जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वन विभाग ने पांचों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत धारा 39, 50 और 51 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।