
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: आपरेशन आघात के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये, तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक 26 बी एच 4095 बी, जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है, जब्त किया है।
कार्रवाई में कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में ओडिशा की ओर से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति वाहन की पायलटिंग करते हुए आता दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने के कारण उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया। पुलिस टीम ने इसके बाद भी संदिग्ध बोलेरो वाहन की तलाश जारी रखी। कुछ देर बाद सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 बी एच 4095 बी पाकरगांव की तरफ से लैलूंगा की ओर आती दिखाई दी।
पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में बोलेरो चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा पिता श्रीराम कुमार शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया।
वाहन में बैठी महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव पिता शोवरन जाटव, उम्र 23 वर्ष, निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाना स्वीकार किया। वहीं जशवंत कुमार शर्मा के अधिपत्य से तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो वाहन अनुमानित कीमत आठ लाख रुपये, जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कार्रवाई में कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद एवं जब्त की है।
बहरहाल जशवंत कुमार शर्मा, पिता श्रीराम कुमार शर्मा, (32), निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश,ज्योति जाटव, पिता शोवरन जाटव, (23), निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिला के बैग से निकला 4.108 किलो गांजा
पुलिस ने नियमानुसार संदेहियों को नोटिस देकर वाहन एवं उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला ज्योति जाटव के कब्जे से एक काले रंग का पिट्ठू बैग 4 पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।