
Govardhan Puja 2022: रायगढ़। इस साल 26 अक्टूबर को अन्नकूट मनाया जाएगा। इस दिन भंडारा एवं सामूहिक भोज का आयोजन मंदिर समितियों द्वारा की जाती है। इसमें निगम प्रशासन ने जीरो वेस्ट के साथ अन्नकूट पूजन एवं त्योहार का भंडारा एवं भोज कराने की अपील सभी मंदिर समितियों से की है।
जीरो वेस्ट यानी भोजन बनाने से लेकर उसके निष्पादन तक किसी भी प्रकार का वेस्टेज नहीं होने देना है। इसी तरह भोजन परोसने के लिए पत्तल और दोना जो कागज से या पत्तों से बने हो इसका उपयोग करना होगा। इसमें बचे हुए भोजन को या तो जानवरों को, मवेशियों को खिलाया जाएगा या फिर उससे निगम के गोठान में खाद बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा। अन्नकूट पूजन भंडारा एवं भोज में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं किया जाएगा। जीरो वेस्ट भंडारा एवं भोज के लिए बूढ़ी माई मंदिर, हनुमान मंदिर एवं श्याम मंदिर समितियों से चर्चा की गई है। उन्होंने जीरो वेस्ट के साथ ही भंडारा एवं भोज का आयोजन करने और किसी भी तरह के प्लास्टिक कैरी बैग डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने की बात कही है। निगम प्रशासन ने शहर के सभी मंदिरों समितियों से अन्नकूट त्योहार में भंडारा एवं भोज के लिए जीरो वेस्ट अपनाने और प्लास्टिक डिस्पोजल या कैरी बैग उपयोग नहीं करने की अपील की है।