रायगढ़ (नईदुनिया प्रतिनिधि)। छत्तीसगढ़ भाजपा के महामंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी अब प्रदेश के मंत्री बनेंगे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में आए और कुछ ही समय में यूथ आइकान बन गए। इसके पहले प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी भी कम उम्र आइएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए थे।
भाजपा के सत्ता में आने के बाद ओपी चौधरी को मंत्री बनाए जाने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान ही उन्हें बड़ा आदमी बनाने की बात कही थी। ओपी चौधरी ने रायगढ़ विधानसभा सीट से यहां के वर्तमान विधायक प्रकाश नायक को 64 हजार से ज्यादा मतों से हराया है। ओपी चौधरी को इससे पहले भाजपा हाई प्रोफाइल सीट खरसिया में वर्ष 2019 के चुनाव में प्रत्याशी बनाया था। लेकिन उन्हें कांग्रेस नेता शहीद नंदकुमार पटेल के पुत्र उमेश पटेल से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उनका सीट बदलकर रायगढ़ से चुनावी मैदान में उतारा गया।
प्रदेश में बहुमत से सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्री मंडल का विस्तार किया है। इसमें रायगढ़ से ओपी चौधरी को मंत्री बनाया जा रहा है।
यहां यह भी बताया जाना लाज़मी होगा कि अविभाजित रायगढ़ जिले से रामपुकार सिंह, चनेश राम राठिया, नन्द कुमार पटेल, कृष्ण कुमार गुप्ता, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए शक्राजीत नायक मंत्री बने थे। रायगढ़ विधानसभा से मध्य प्रदेश शासन में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गुप्ता के बाद भाजपा से ओपीचौधरी पहले विधायक होंगे जो छत्तीसगढ़ मंत्री मण्डल में शामिल होंगे।