सफाई व्यवस्था चौपट गली मुहल्ले में जमा हो रहा कचरे का ढेर
साफ-सफाई न होने से वार्ड में गंदगी का अंबार लगा हुआ है
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Sun, 11 Sep 2022 10:57:55 PM (IST)
Updated Date: Sun, 11 Sep 2022 10:57:55 PM (IST)

रायगढ़। नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन महिला समिति द्वारा कराया जा रहा है लेकिन कुछ दिनों से वार्ड नंबर 23, 24, 26, 27, 28,29 में डोर टू डोर कचरा प्रबंध करने वाले वार्डो से नदारद हो गए है। इससे साफ-सफाई न होने से वार्ड में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और वार्डवासी बदबू और गंदगी से परेशान है। आलम यह है कि लोगो के घर मे व घर के बाहर कचरा खुले में एकत्रित हो रहा है। इससे बीमारी फैंलने की आशंका बनी हुई है। नगर के पंजरी प्लांट बिनोबा नगर, केलो विहार ,मोदी नगर, टीवी टावर, अतरमुड़ा रिहायशी क्षेत्र में है। सफाई कामगारों द्वारा साफ साफ सफाई में कोताही बरतें जाने के कारण शहर में स्वच्छता अभियान का असर दिखता नजर नहीं आ रहा है। एक तरफ जहां स्वच्छ भारत मिशन को लेकर देश व रायगढ़ में कई कार्यो को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। मिशन को लेकर सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है।
शहर में चक्रधर नगर जोन में लगभग 10 से अधिक वार्ड आते है परंतु इन वार्डो में नियमित सफाई नही होती है इस पर सफाई दरोगा द्वारा कर्मचारियों की कमी बताया जाता है। इसके बाद भी निगम के अधीन 48 वार्ड में गंदगी का अंबार लगा है। जिससे शहर की गलियों के अलावा मुख्य चौक चौराहों पर कचरे का ढेर पड़ा रहता है। सफाई व्यवस्था चरमरा जाने से शहर में गंदगी चहूंओर है। वही करोड़ो खर्च के बावजूद स्वच्छता अभियान को लेकर निगम अमला गंभीर नहीं है। जिसकी वजह से लोग बदलते मौसम के बीच संक्रामक बीमारी की चपेट में आ सकते है।
सफाई के लिए नहीं प्लानिंग
सफाई के लिए निगम के पास कोई विशेष योजना नहीं है, वह बिना प्लानिंग कार्य कर रही। बीते सालों में सफाई पर नगर निगम प्रशासन द्वारा करोड़ो रूपये खर्च कर चुकी है।यही हाल इस वर्ष भी है। इसका नतीजा यह है कि सफाई पर करोड़ो रूपये खर्च करने के बाद भी गली मोहल्ले व लोगो के घरों में घर के सामने कचरे का ढ़ेर लगा हुआ है। जिसमें प्लानिंग नही होने के कारण गली मोहल्ले व लोगो के घरो में कचरे का ढेर लग रहा है।
चुनिंदा स्थानों पर निगम का फोकस, मुहल्ले को भुले
नगर निगम सफाई अमला द्वारा इन दिनों साफ सफाई के लिए शहर के कुछ चुनिंदा स्थानो को विशेष तहरिज दे रही है। जिसमें मुख्य मार्ग में पूर्व की तुलना में अत्यधिक कामगारों से काम लिया जा रहा है। इस कारण निगम का ध्यान शहर की सड़को में है जिससे गली मुहल्लों के वार्ड में सफाई को भूला दिया है। इससे सप्ताह में एक दिन आने वाले सफाई कामगार माह भर से गायब नदारद है।