नईदुनिया प्रतिनिधि रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छर्राटांगर गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो जंगली हाथी अचानक आबादी क्षेत्र में पहुंच गए। हाथियों के गांव में घुसने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और हाथियों को चारों ओर से घेर लिया, जिससे दोनों हाथी भयभीत होकर बीच बस्ती खेत खलिहान में पास ही फंस गए। लेकिन लोगो की भीड़ ने हाथियो को भागने के लिए दौड़ाए, औऱ पीछे भगाते रहे, इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह 6 बजे के आसपास लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया के गृह ग्राम छर्राटांगर गांव में सामान्य दिनचर्या चल रही थी, इसी दौरान खेत खलिहान में नियमित कार्य के लिए ग्रामीणों का आवजाही बनी हुई थी। तभी कुछ लोगो ने गांव के खेत की ओर दो हाथी जंगल से आबादी वाले क्षेत्रों में बढ़ने लगें जिसे देखकर गांव में दहशत का माहौल बन गया।
देखते ही देखते गांव के आबादी की ओर हाथी आने की सूचना जंगल में आग की तरह तरफ फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का हुजूम मौके पर उमड़ गया। वही लोगो की भीड़ को देखकर हाथी भी इधर-उधर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन चारों ओर लोगों की भीड़ और शोर-शराबे के कारण वे काफी देर तक असमंजस की स्थिति में रहे। इस दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने भीड़ को पीछे हटाने और हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश शुरू की। वन अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।जानकारी के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से घरघोड़ा और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। इससे पहले भी हाथियों के दल गांवों और खेतों में पहुंच चुके हैं, जहां फसल नुकसान भी हो रही हैं। वही उक्त दोनों हाथी जंगल से भटकर आना बताया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं, भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधि से बचें, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बढ़ता मानव-हाथी संघर्ष चिंता का विषय
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और लैलूंगा क्षेत्र लंबे समय से हाथियों की आवाजाही से प्रभावित हैं। जंगलों का दायरा सिमटने और भोजन की तलाश में हाथियों का आबादी क्षेत्र की ओर रुख करना लगातार बढ़ रहा है, जिससे मानव-हाथी संघर्ष गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। वहीं, लगातार बदलते मौसम और जंगलों में भोजन-पानी की कमी के कारण हाथियों का रुख आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में वन विभाग के लिए हाथियों की निगरानी, ग्रामीणों को अलर्ट करना और सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाना बड़ी चुनौती बन गया है।
6 माह में 10 की मौत, भीड़ बन सकती है बड़ा खतरा
घरघोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बीते महीनों में हाथियों की आमद कई बार हो चुकी है। कई गांवों में मकान क्षति, फसल बर्बादी और जनहानि की घटनाएं सामने आई हैं। हाल की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में हाथियों को लेकर भय और सतर्कता दोनों बढ़ गई है।विशेषज्ञों के मुताबिक, हाथियों को घेरना या उनके करीब जाकर वीडियो बनाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। घबराए हुए हाथी कभी भी आक्रामक हो सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। छर्राटांगर की घटना में भी यही स्थिति बनी रही।
वन्यजीवों के प्रति अमानवीयता का वीडियो प्रसारित
आबादी क्षेत्र में घुसे हाथियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बजाय कुछ ग्रामीणों द्वारा उन्हें दौड़ाकर भगाने और घेरने का वीडियो सामने आया है, जिसने वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ग्रामीण शोर मचाते हुए हाथियों को लगातार खदेड़ रहे हैं, जिससे भयभीत हाथी इधर-उधर भागते नजर आए। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की हरकत न केवल अमानवीय है, बल्कि इससे हाथियों के आक्रामक होने का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। डर और तनाव की स्थिति में हाथी अनियंत्रित होकर जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं।