
नईदुनिया प्रतिनिधि,रायगढ़: नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थानों में दो बड़ी कार्रवाई की हैं। घरघोड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो सप्लायरों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जबकि चक्रधरनगर पुलिस ने दो गांवों में दबिश देकर महिला समेत दो आरोपियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा है।
घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास दो व्यक्तियों द्वारा नशीली सिरप लेकर ग्राहक तलाशने की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी: पकड़े गए आरोपियों की पहचान कन्हैया यादव (23) निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा और तेज राम यादव (34) निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई। कन्हैया से 17 शीशी और तेज राम से 09 शीशी (प्रत्येक 100-100 एमएल) ऑनरेक्स कफ सिरप कुल 26 शीशी, कीमत 41,247 रुपये जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत केस दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम महापल्ली नवामुड़ा और ग्राम लोईंग में कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- NH-30 किनारे मिली 200 हाइवा राख, पर्यावरण विभाग ने एनटीपीसी लारा को थमाया 75 लाख का नोटिस
महुआ शराब व ओडिशा ब्रांड की शराब बरामद: महापल्ली नवामुड़ा में कल्पना उरांव (31) के घर आंगन से 10 लीटर वाली प्लास्टिक जरीकेन में 08 लीटर महुआ शराब (कीमत करीब 1,600 रुपये) मिली। वहीं लोईंग में चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी (23) ने घर के पीछे बाड़ी में जमीन के अंदर दबाकर रखा बोरा निकाला, जिसमें ओडिशा ब्रांड की 180 एमएल वाली 9 पाव अंग्रेजी शराब, 10 पाव देशी शराब और 12 नग बीयर कुल 9.420 बल्क लीटर (कीमत करीब 4,400 रुपये) बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।