
नईदुनिया प्रतिनिधि,: घरघोड़ा पुलिस ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार पटवारी शिवानंद गिरी (37) निवासी ग्राम पोरडा, तहसील एवं थाना घरघोड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। 24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर वे ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे, जहां स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।
जांच में प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी निवासी तिलाईपाली द्वारा शासकीय भूमि पर शेड निर्माण कराया जाना पाया गया। पटवारी ने जांच पूरी होने तक काम रोकने की समझाइश दी और तहसीलदार ने भी फोन पर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
पटवारी के अनुसार जब वे मौके से जाने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने ग्रामीणों को काम की सूचना देने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के व डंडे से मारपीट करने लगा।
बड़ा भाई भी पहुंचा और किया हमला: शासकीय कार्य में बाधा डालने के उद्देश्य से किए गए हमले के दौरान आरोपी का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी पटवारी से मारपीट की। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान घरघोड़ा पुलिस ने दबिश देकर विजय गुप्ता (53) पिता बैरागी गुप्ता निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी: पुलिस ने बताया कि मामले में फरार दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।