
रायगढ़ (निप्र)। देश व्यापी किला बंदी चेकिंग अभियान के दौरान शहर के रेलवे स्टेशन में हर तरफ टीसी व रेलवे पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था है। इस दौरान बिना टिकिट यात्रा करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। दरअसल यह अभियान रेल यात्रियों में टिकट के साथ रेल यात्रा करने के लिए जागरुकता लाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस दौरान रेलवे टिकट बिक्री को बढ़ाना है।
शहर के रेलवे स्टेशन के हर आने जाने वाले स्थान पर रेलवे पुलिस के साथ टीसी मुस्तैद नजर आ रहे हैं। इस दौरान स्टेशन के अंदर आने वाले यात्रियों की टिकट चेक की जा रही है। इस दौरान ट्रेनों में भी चेकिंग की जा रही है। स्टेशन में चेकिंग के दौरान पहले दिवस 43 प्रकरणों पर 64 सौ रुपए की वसूली हुई तथा दूसरे दिवस 57 बिना टिकट पर 8180 रुपए की वसूली की गई। इस दौरान चेकिंग कर रेल यात्रियों को बिना टिकट लिए रेल यात्रा करने पर होने वाला जुर्माना व सजा के बारे में बताया जा रहा है। यात्रियों में जागरुकता लाने के उद्देश्य से चलती ट्रेन के साथ स्टेशनों पर सघन चेकिंग कर लोगों को टिकट लेने प्रेरित किया जा रहा है।
पहले टिकट लें फिर अंदर आएं
स्टेशन में आने के हर रास्ते पर टीसी व रेलवे कर्मचारियों की तैनाती के दौरान अंदर आने वाले रेल यात्रियों से टिकट की जानकारी ली जा रही है। टिकट नहीं होने पर पहले टिकट लेकर अंदर आने की बात कही जा रही है। इस दौरान स्टेशन के अंदर बिना टिकट यात्रियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। स्टेशन पर कोई यात्री बिना टिकट पाया जा रहा है तो उसे पहले टिकट लेने प्रेरित किया जा रहा है। इस काम में लगे रेलवे के कर्मचारियों की माने तो इससे रेलवे की टिकट बिक्री में निश्चित तौर पर इजाफा होगा वहीं प्लेटफार्म टिकट खरीद कर अंदर आने की परंपरा कायम होगी।