
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। अमेरिका से भारत वापस आ चुकी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय की 1400 साल पुरानी अवलोकितेश्वर की कांस्य प्रतिमा को छत्तीसगढ़ लाने में अब बड़ा प्रशासनिक पेंच फंस गया है। करीब 19 से 20 करोड़ रुपये मूल्य की इस ऐतिहासिक धरोहर को राज्य को सौंपने से पहले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 59 साल पुरानी चोरी की एफआईआर की प्रति मांगी है। विडंबना यह है कि राज्य के संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के पास वर्ष 1967 की यह एफआईआर उपलब्ध ही नहीं है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, संग्रहालय के दशकों पुराने रिकॉर्ड या तो गुम हो चुके हैं या समय के साथ नष्ट हो गए हैं। एक्सेशन रजिस्टर में प्रतिमा के सिरपुर से मिलने और 15 अप्रैल 1967 को चोरी होने का विवरण तो दर्ज है, लेकिन पहचान के लिए आवश्यक तस्वीर चस्पा नहीं है। इसी तकनीकी बाधा के कारण राज्य सरकार पिछले सात महीनों से चल रहे पत्राचार के बावजूद एएसआई को संतोषजनक दस्तावेज नहीं भेज पाई है। इस संकट के बीच 1960 के दशक में संग्रहालय के क्यूरेटर रहे बालचंद जैन की एक पुरानी पुस्तक निर्णायक साबित हुई है। सर्वेश्वर ग्रंथालय में मिली इस किताब में प्रतिमा की तस्वीर और पूरा ब्योरा छपा है, जिससे छत्तीसगढ़ का दावा पुख्ता हुआ है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सिरपुर को मिली ग्लोबल पहचान, UNESCO ने वर्ल्ड हेरिटेज की अस्थायी सूची में किया शामिल
मूर्ति की वापसी को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के बीच मई 2026 से लगातार पत्राचार चल रहा है। 18 मई को प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखा था, जिसके बाद मामला एएसआई के पास पहुंचा। इसके बाद 10 जुलाई को संस्कृति संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने एएसआई महानिदेशक को पत्र भेजकर इस अमूल्य धरोहर को लौटाने का आग्रह किया। इसके जवाब में 27 अगस्त को एएसआई ने चोरी की एफआईआर तलब कर ली, जिसका जवाब अब तक नहीं भेजा जा सका है।
उल्लेखनीय है कि महासमुंद के सिरपुर में वर्ष 1939 में लक्ष्मण मंदिर के पास हुई खोदाई में मिली यह प्रतिमा कारीगर द्रोणादित्य द्वारा बनाई गई थी। चोरी के बाद यह अमेरिका पहुंच गई थी, जिसे वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय तस्कर सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित गोदाम से मैनहट्टन जिला अटॉर्नी कार्यालय ने जब्त कर मई 2026 में भारत को सौंपा था। संस्कृति एवं पुरातत्व संचालनालय के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे का कहना है कि पुरानी एफआईआर की खोजबीन कराई जा रही है। साथ ही मैनहट्टन अटॉर्नी कार्यालय की जांच रिपोर्ट में दर्ज सिरपुर और रायपुर संग्रहालय के पुख्ता प्रमाणों के साथ एएसआई को तीसरी बार पत्र भेजकर मूर्ति पर दावा पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 43 साल बाद रायपुर लौटी दुर्लभ 'अवलोकितेश्वर' प्रतिमा, अमेरिका ने लौटाई करोड़ों की सांस्कृतिक धरोहर
इस मामले की अंतरराष्ट्रीय जांच में वर्ष 2014 के दौरान प्रतिमा को न्यूयॉर्क के एक निजी संग्रह में ट्रैक किया गया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद मैनहट्टन जिला अटॉर्नी की 'एंटीक्विटीज ट्रैफिकिंग यूनिट' ने इस तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया, जिसमें सुभाष कपूर के साथ नैन्सी वीनर का नाम भी सामने आया। इसके बाद न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में दूत राजलक्ष्मी कदम की मौजूदगी में ये धरोहरें भारत को सौंपी गईं। कलात्मक दृष्टि से बेहद खास इस प्रतिमा में अवलोकितेश्वर को दोहरे कमल और अलंकृत सिंहासन पर विराजमान दर्शाया गया है, जो उत्तर-गुप्त काल की उन्नत शिल्पकला का प्रमाण है।