
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में नीट की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17) पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी कर रहा था।
बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को छात्र के फांसी लगाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को छात्र के हाथ में एक लड़की का प्रेम पत्र मिला है। पत्र में लड़की ने प्रेम में अधिक लिप्त होने के बजाय अपने करियर पर ध्यान देने की बात लिखी थी। पुलिस इस पत्र को जांच का अहम पहलू मानकर मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार आशंका है कि श्रेयांश ने मंगलवार देर रात फांसी लगाई होगी। बुधवार को वह कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके दोस्तों ने उसे फोन करना शुरू किया। लगातार फोन करने के बाद भी जब उसने काल रिसीव नहीं की तो दोस्तों को लगा कि उसकी तबीयत खराब होगी। इसके बाद वे उससे मिलने कुशालपुर स्थित किराये के मकान पहुंचे। वहां दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो श्रेयांश का शव पंखे से लटका हुआ था। उसने रस्सी के सहारे फांसी लगाई थी।
मकान मालिक के अनुसार श्रेयांश को दोनों समय का टिफिन दिया जाता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं आया था। इसके बाद दोस्तों के पहुंचने और घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने मृतक के पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कमरे की जांच के दौरान छात्र के हाथ में एक लड़की का प्रेम पत्र मिला। पत्र में लड़की ने प्रेम संबंध में ज्यादा उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की बात कही थी। पुलिस पत्र की परिस्थितियों और छात्र के संबंधों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्र किसी प्रेम संबंध, पढ़ाई के दबाव या अन्य निजी परेशानी से गुजर रहा था या नहीं। कमरे से मिले पत्र की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पत्र में लिखी बातों के आधार पर आत्महत्या का कारण तय नहीं किया गया है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।