
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया, रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बरमकेला अपेक्श बैंक शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन मामले में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे समेत तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है, जबकि पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया गया है।
गबन में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार वसूली भी की जाएगी। मामले की जांच के लिए ईओडब्ल्यू से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है और जल्द ही जांच शुरू होगी। अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता के निर्देश पर बरमकेला शाखा में वर्ष 2021 से नवंबर 2024 के बीच हुई वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच और विशेष आडिट कराया गया।
जांच में पाया गया कि शाखा से संबद्ध समितियों के खातों में अनधिकृत लेन-देन कर डीएमआर खातों के माध्यम से लगभग 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया। जांच के बाद तत्कालीन शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा पांच आउटसोर्स कर्मचारियों को भी हटाया गया है।
इस मामले में कुल आठ कर्मचारियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआइआर दर्ज कराई जा चुकी है। केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि सहकारी बैंकों में गबन और फर्जी ऋण पर रोक लगाने के लिए ई-केसीसी पोर्टल के जरिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने दावा किया कि सख्त कार्रवाई और निगरानी के कारण अपेक्स बैंक का शुद्ध लाभ बढ़कर वर्ष 2025-26 में 40.86 करोड़ रुपये पहुंच गया है।