
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। साइबर क्राइम से ठगी के मामलों की खबर जब पहली बार अखबारों में पढ़ी तो दिल पसीज गया। मन ही मन सोचने लगी कि कैसे कोई भोले-भाले लोगों की मेहनत की कमाई उड़ा सकता है। उसी क्षण देश को साइबर अपराध से मुक्त करने की ठान ली और लोगों को साइबर क्राइम के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया। हम बात कर रहे हैं शहर की सबसे युवा साइबर क्राइम एक्सपर्ट मुनाली गुहा की, जो साइबर क्राइम के लिए लोगों को जागरूक करने 300 से अधिक लेक्चर दे चुकी हैं और 50 से अधिक मामलों में पुलिस की मदद कर चुकी हैं।
राजधानी रायपुर के लाखेनगर निवासी भगवान दास गुहा की 28 वर्षीय बेटी मुनाली गुहा छत्तीसगढ़ के विभिन्ना जिलों के स्कूल, कॉलेज समेत हजारों लोगों को साइबर क्राइम से बचने का प्रशिक्षण दे चुकी हैं। मुनाली बताती हैं- 10वीं कक्षा में थीं उस समय हर रोज अखबारों में साइबर क्राइम की खबरें आती थीं, इससे दिल में कसक उठती थी कि आखिर कैसे बचा और बचाया जाए। तभी से इस दिशा में काम शुरू कर दिया। कम्प्यूटर साइंस की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने 20 से अधिक इंटरनेशनल साइबर सुरक्षा और एथिकल हैकिंग कोर्स किया।
10 करोड़ का ऑफर छोड़ा
मुनाली को विदेशों से 10 करोड़ के पैकेज पर नौकरी का ऑफर आया, लेकिन उन्होंने भारत में रहकर ही साइबर अपराध के खिलाफ लड़ने की ठानी। उन्होंने बताया कि उनके दादा स्व. मांगीलाल गुहा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे, उन्हीं की विचारधारा पर चलते हुए वे देश की सेवा करना चाहती है।
50 से अधिक मामलों का किया पर्दाफाश
मुनाली ने 50 से अधिक साइबर क्राइम के मामलों का पर्दाफाश करने में पुलिस की मदद की। इनमें से कई अपराधी आज भी जेल में हैं। उन्होंने नाइजीरियन गिरोह, 2019 में बच्चे के अपहरण का केस, ऑनलाइन ठगी के अपराधियों तक पुलिस को पहुंचाया। वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस अकादमी और प्रशासनिक अकादमी में अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर क्राइम पर ट्रेनिंग दे रही हैं।