
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। करदाताओं के पास आयकर रिटर्न भरने के लिए 41 दिन का समय और बचा है। अगर आपने अभी तक रिटर्न फाइल नहीं किया है तो साल 2020-21 के लिए 31 दिसंबर तक बिना किसी जुर्माना के रिटर्न फाइल कर सकते है। कर विशेषज्ञों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर रिटर्न के साथ ही अन्य डेडलाइन भी बढ़ा दिए गए है। फार्म संख्या 10 एबी में रजिस्ट्रेशन के लिए 31 मार्च तक फाइल कर सकते है। पहले इसकी तारीख 28 फरवरी 2022 थी। इस प्रकार करदाताओं के पास 41 दिन का समय बचा है और इसके बाद रिटर्न फाइल जमा करने पर जुर्माना लगेगा।
प्रदेश में रिटर्न फाइल करने वालों की संख्या 11 लाख पार
प्रदेश में बीते पांच सालों से लगातार रिटर्न फाइल करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में रिटर्न फाइल भरने वालों की संख्या बढ़कर साढ़े 11 लाख हो गई। कर विशेषज्ञों की मानें तो इस साल भी आयकर रिटर्न दाताओं की संख्या में बढ़ोतरी दिखा रही है। इन दिनों आयकरदाता भी जागरूक होते जा रहे है। साथ ही विभाग और कर विशेषज्ञों द्वारा भी अभियान चलाए जाते है।
कोरोना के चलते बढ़ाई गई थी तारीख
आयकर रिटर्न फाइल भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2021 थी,जिसे बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया और इसके बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड(सीबीडीटी) ने आयकर दाताओं को तीन महीने का समय देते हुए 31 दिसंबर कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों आयकर विभाग के नए पोर्टल में खराब आ रही ती,इसके चलते भी सीबीडीटी ने एसेसमेंट ईयर 2021-22 के लिए तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है।