रायपुर। Ravan Dahan in Raipur: आज नवरात्र का आखिरी दिन है। वहीं कल यानी 5 अक्टूबर को देशभर में दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। कोरोना काल के दो साल बाद दशहरा उत्सव पूरे धूमधाम से मनाया जाएगा। रायपुर में भी दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रायपुर शहर में रावण दहन के पांच बड़े आयोजन होंगे।इसमें डब्ल्यूआरएस कालोनी, दूधाधारी मठ रावणभाठा, छत्तीसगढ़ नगर, बीटीआई मैदान शंकर नगर, सप्रे शाला मैदान शामिल हैं।
डब्ल्यूआरएस कालोनी में 102 फीट का रावण
छत्तीसगढ़ का सबसे ऊंचा 102 फीट रावण का पुतला डब्ल्यूआरएस कालोनी में जलेगा। साथ ही 70-70 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले जलेंगे। पिछले 52 वर्षों से लगातार ऐतिहासिक दशहरा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे।
रावणभाठा मैदान में 60 फीट का रावण
सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति दूधाधारी मठ रावणभाठा के अध्यक्ष मनोज वर्मा, संरक्षक सुशील ओझा, सचिव अमित साहू ने बताया कि 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले के दहन के पश्चात मुंबई के कलाकारों द्वारा निर्मित आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मठ से रामजी की वानरसेना की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा रावणभाठा पहुंचेगी, जहां रामलीला का मंचन किया जाएगा। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल विशेष अतिथि होंगे।
छत्तीसगढ़ नगर में 60 फीट
छत्तीसगढ़ नगर दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि 60 फीट का रावण और 35-35 फीट के कुंभकर्ण, मेघनाद का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी और मेला का आनंद लिया जा सकेगा।
बीटीआई मैदान शंकर नगर में दो रावण
शंकरनगर बीटीआई मैदान में एक ही जगह पर दो रावण जलाए जाएंगे। भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग गुट के आयोजन में आतिशबाजी और मेला आकर्षण का केंद्र रहेगा। 25- 25 फीट का दो रावण जलेगा।
सप्रे शाला मैदान में 30 फीट
बूढ़ापारा स्थित सप्रे शाला मैदान में 30 फीट का रावण जलेगा। यहां दोपहर से पतंगबाजी का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा चौबे कालोनी, कटोरातालाब, लाखेनगर, रामकुंड, विवेकानंद आश्रम, मोवा, पचपेड़ी नाका, गुढ़ियारी, बिरगांव आदि इलाकों में रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा।