Dial 100 Tender: डायल-100 का 642 करोड़ का टेंडर निरस्त, अब नए सिरे से जारी होगा टेंडर
Dial 100 Tender: टेंडर हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ की कंपनी एबीपी के दस्तावेज फर्जी होने के आरोप लगने के बाद मामले ने पकड़ा था तूल।
By Shashank.bajpai
Edited By: Shashank.bajpai
Publish Date: Mon, 19 Jul 2021 08:56:07 AM (IST)
Updated Date: Mon, 19 Jul 2021 08:56:07 AM (IST)

रायपुर/भोपाल, राज्य ब्यूरो। Dial 100 Tender: विवादों में उलझा डायल-100 का 642 करोड़ रुपये का टेंडर निरस्त कर दिया गया है। अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ की कंपनी के दस्तावेज फर्जी होने की शिकायत हुई थी। नईदुनिया ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने टेंडर को निरस्त कर दिया है। टेलीकाम एंड रेडियो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय झा ने बताया कि टेंडर पिछले दिनों निरस्त कर दिया गया है। टेंडर को लेकर हुए विवाद में जांच करवाई गई थी। अब नए सिरे से नए प्रारूप के तहत टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, डायल-100 के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों के लिए निकाला गया टेंडर पिछले दिनों निरस्त कर दिया गया। इस टेंडर प्रक्रिया में जीवीके, इएमआरआई और अशोका बिल्डकान कंपनी ने हिस्सा लिया था। अशोका बिल्डकान ने एबीपी ट्रेवल्स एंड फेसिलिटी मैनेजमेंट के साथ संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। इसमें एबीपी के अनुभव के प्रमाण पत्र लगाए गए और इसी आधार पर ठेका मिला।
इस पर जीवीके ने शिकायत की थी कि अशोका बिल्डकान ने गलत दस्तावेज लगाकर टेंडर हासिल किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जीवीके की टेंडर राशि 692 तो अशोका बिल्डकान की टेंडर राशि 642 करोड़ रुपये थी। यह टेंडर निरस्त होने के बाद नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डायल-100 के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों के लिए योजना का प्रारूप बदला गया है। अब 1200 वाहनों के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।