
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। केंद्र सरकार की भारतमाला परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ में 950 किलोमीटर सड़कें बनेंगी। इस परियोजना में रायपुर से विशाखापटनम तक फोरलेन सड़क का प्रस्ताव है। इस मार्ग पर काम जल्द शुरू करने की तैयारी है। इसी परियोजना के तहत दुर्ग से आरंग तक सिक्स लेन सड़क भी बनाई जाएगी।
नेशनल हाइवे अथारिटी के अफसरों ने बताया कि 2017-18 में छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना के तहत 290 किलोमीटर सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है। इसमें रायपुर-विशाखापटनम मार्ग पर धमतरी के कुरूद तक सड़क निर्माण शामिल है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय देश में नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा करता है। इस बार मंत्रालय ने देश भर में 30268 किलोमीटर नेशनल हाइवे की घोषणा की है। इसमें एनएच 717 ए पर 53 किमी पश्चिम बंगाल में है। इसी योजना में एनएच 26 के चौड़ीकरण का भी प्रस्ताव शामिल है। एनएच 26 रायपुर से विशाखापटनम तक जाता है।
केंद्रीय मंत्रालय ने 47 हजार 890 किलोमीटर राज्य हाइवे को नेशनल हाइवे बनाने का भी प्रस्ताव दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ की कुछ प्रमुख स्टेट सड़कों को शामिल करने का प्रस्ताव भी है। राज्य सरकार राजानी और आसपास लॉजिस्टिक हब बनाने की योजना पर काम कर रही है। छत्तीसगढ़ देश के बीच में स्थित है। यहां पड़ोसी राज्यों से सामान लाकर गोदाम में रखा जाए तो आसानी से विदेशों में भेजा जा सकता है।
इस योजना के तहत राज्य सरकार रायपुर से 600 किमी की दूरी पर स्थित ओड़िशा और आंध्रप्रदेश के पांच बंदरगाहों तक पहुंच बनाने जा रही है। इस योजना में ओड़िशा के पारादीप और घामरा तथा आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम, काकीनाड़ा और मछलीपटनम बंदरगाहों को शामिल किया गया है। इन सभी बंदरगांहों से छत्तीसगढ़ को जोड़ने के लिए भारतमाला परियोजना में सड़कों के विकास का प्रस्ताव है।