
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में बेलगाम रफ्तार का कहर नहीं थम रहा है। विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार पानी टैंकर ने पैदल जा रहे मासूम को कुचल दिया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हादसे से ठीक पहले एक अज्ञात बाइक सवार भी नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार की टक्कर या धक्का लगने से किशोर टैंकर के नीचे आ गया।
फुटेज में यह भी दिखा कि हादसे के बाद सबसे पहले वही बाइक सवार मृतक के पास पहुंचा। मृतक बालक सद्दू के एलआईजी सेक्टर-1 का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस फरार टैंकर और संदिग्ध बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- कोयंबटूर में ब्रेकअप से बौखलाया बॉयफ्रेंड... प्रेमिका के घर पर फेंका केरोसिन बम, देखें वायरल वीडियो