
रायपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक दो के बड़ा अशोक नगर में गुरूवार रात शांति बाई साहू नामक महिला की डेंगू की वजह से मौत हो गई। निजी अस्पताल के डॉक्टर्स ने गुरूवार की रात ही डेंगू से महिला की मौत होने की पुष्टि कर दी थी। इसके बाद जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की। यह डेंगू से इस साल पहली मौत है। इससे घबरा कर शासन, प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया। निगम और स्वास्थ्य अमला दिनभर इसी क्षेत्र में सक्रिय रहा। निगम ने यहां सफाई मित्रों का गैंग भेजकर नाले, नालियों की सफाई करवाई, तो स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घर-घर दस्तक दी। हालांकि डेंगू का कोई नया केस नहीं मिला है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसे हल्के में नहीं ले रहा है। जिला महामारी नियंत्रण कार्यक्रम, शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम उन सभी बस्तियों में दस्तक दे रही है जहां पर डेंगू की संभावना अधिक है। 15 दिनों तक जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इन क्षेत्रों में हुआ एंटी लार्वा का छिड़काव
छोटा अशोक नगर, बड़ा अशोक नगर और सरोना बीएसयूपी कॉलोनी समेत निचली बस्तियों में एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया गया। लोगों को कूलर, मटका, पानी की टंकी से लेकर छत पर रखे खाली बर्तन, टायर की सफाई और इनमें पानी न भरने को कहा गया। क्योंकि लार्वा ठहरे हुए साफ पानी में ही पैदा होता है।
जांच करवाई गई है
बड़ा अशोक नगर और आस-पास के सभी क्षेत्रों में जांच करवाई जा चुकी है, वहां कोई भी डेंगू का मरीत नहीं मिला है। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता अपनाई जा रही है। फिलहाल कैंप लगाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
- डॉ. आरके चंद्रवंशी, जिला नोडल अधिकारी, महामारी नियंत्रण कार्यक्रम