Amazing Rangoli Of Lord In Raipur: रंगोली से फर्श पर उतारीं भगवान शिव, पार्वती और गणेश की तस्वीर
Amazing Rangoli Of Lord In Raipur: राजधानी के अशोका रत्न में रहने वाली डा. सोनिया स्वर्णकार ने छह दिन के भीतर बनाई गजब की रंगोली।
By Kadir Khan
Edited By: Kadir Khan
Publish Date: Sun, 31 Oct 2021 11:05:00 AM (IST)
Updated Date: Sun, 31 Oct 2021 11:05:25 AM (IST)

Amazing Rangoli Of Lord In Raipur: रायपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि )। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छह दिन की कड़ी मेहनत करके भगवान शिव, मां पार्वती और भगवान गणेश को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया। राजधानी में स्थित अशोका रत्न में रहने वाली डा. सोनिया स्वर्णकार ने दिवाली से पहले हर साल किसी न किसी भगवान की तस्वीर को अपने जादुई हाथों से रंगोली के जरिये बनाती हैं और फिर उनकी पूजा करती हैं। आसपास के लोग इस रंगोली को देखने के लिए उनके घर पहुंचते हैं। उनकी बनाई गई रंगोली सभी को खूब भगवान के अद्भूत सौंदर्य को प्रदर्शित करती है।
इस बार घर में उतर आया भगवान शिव का परिवार इस बार भगवान की रंगोली में डा. सोनिया ने भगवान शिव, पार्वती और गणेश की आकर्षक तस्वीर रंगोली के जरिये बनाई है, जिसे देख कर ऐसा लगता है, जैसे हूबहू शिव परिवार उनके घर प्रकट हो गया हो। डा. सोनिया स्वर्णकार ने बताया कि इसे बनाने के लिए उन्होंने ग्लास, कुंदन, घास, स्टोन आदि का इस्तेमाल किया है। डा. सोनिया इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से बस्तर आर्ट में पीएचडी कर चुकी हैं। वह कला के साथ-साथ माडलिंग के क्षेत्र में खास पहचान रखती हैं।
उनका मानना है कि कोई भी महिला अपने बुलंद इरादों से मनचाहा मुकाम हासिल कर सकती है। इसके पहले उन्होंने कड़े संघर्ष के बाद मिसेज एशिया इंटनरनेशल और मिसेज इंडिया और मिसेस सेंट्रल इंडिया का खिताब जीता है। सोनिया स्वर्णकार अब अपनी रंगोली की कलाकारी के लिए लगातार चर्चित हो रही हैं। उन्होंने यह कलाकारी संगीत विश्वविद्यालय से ही सीखी हैं।