
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो पोस्ट करने के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस द्वारा जारी नोटिस के बाद अमित जोगी मंगलवार को रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों द्वारा उनसे मामले के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में जांच जारी है और पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अमित जोगी ने बीते दिनों अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार से मिलते-जुलते मुखौटे पहने दो प्रतीकात्मक किरदारों को 'ज्ञानू-जानू की शादी' और हनीमून जैसे आपत्तिजनक संदर्भों में दिखाया गया था।
यह भी पढ़ें- 'गुजरात पुलिस की सुरक्षा में हूं' , रायपुर के आवास में नोटिस पर बोले 'जूनियर जोगी'
वीडियो सामने आते ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें विधायक राजेश मूणत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे, ने इस पर कड़ा विरोध जताया था। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि इस वीडियो के माध्यम से देश के संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है।
यह भी पढ़ें- जग्गी हत्याकांड में 20 साल बाद बड़ा फैसला: अमित जोगी को आजीवन कारावास, CG हाईकोर्ट के आदेश से मची खलबली
चौतरफा विरोध और आलोचना बढ़ता देख अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उस विवादित वीडियो को डिलीट कर दिया था और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने माना था कि अपनी बात रखने का तरीका उचित नहीं था। हालांकि, माफी मांगने के बावजूद पुलिस की कानूनी कार्रवाई नहीं रुकी।
भाजपा नेताओं की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अमित जोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए जोगी निवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें पूछताछ के लिए थाने में पेश होने का निर्देश दिया था, जिसके बाद वे मंगलवार को थाने पहुंचे।