
रायपुर Raipur Municipal Corporation: राजधानी में तेजी से पैर पसार रहे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए नगर निगम ने अपनी कमर कस ली है। शुक्रवार को महापौर एजाज ढेबर और निगम के स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव ने निगम के गांधी सदन में अधिकारी की बैठक ली। इस दौरान महापौर ने निगम के सभी 70 वार्डों में प्रतिदिन एंटी लार्वा के छिड़काव और फांगिग मशीन चलाने के निर्देश दिए है। बैठक में निगम के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पाण्डेय एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही सहित सभी जोन के स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
वार्डों में चलेगा विशेष अभियान
महापौर ढेबर ने बैठक में अधिकारियों को सुझाव दिया कि जिस वार्ड में विशेष अभियान चलाया जाएगा, उससे लगे आसपास के वार्डों में भी अभियान चलेगा। बैठक में समीक्षा के दौरान निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्री राव ने बताया कि रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगम क्षेत्र में मच्छर जनित रोग डेंगू, मलेरिया की कारगर रोकथाम हेतु प्रतिदिन सभी जोनों में एन्टी लार्वा एवं फागिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जोन के अधिकारी प्रतिदिन करेंगे निरीक्षण
प्रतिदिन जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण अपनी टीम के कर्मचारियों के साथ वार्डों का निरीक्षण कर जल जमाव वाले स्थानों की सफाई करवाकर उस समस्या को स्थायी निदान करेंगे।
कूलरों में होगा कैमिकल का छिड़काव
निगम के अधिकारीगण प्रतिदिन अपने-अपने वार्डों में घर - घर जाकर विंडो कूलरों में भरे पानी को खाली करवाएंगे। तथा इसमें केमिकल युक्त दवा का छिड़काव कराया जाएगा। विंडो कूलरों में जमा हुए पानी में मच्छरों के लार्वा पाये जाने पर संबंधित घरों के रहवासियों को समझाइश दी जाएगी।