छत्तीसगढ़ में अपने ही नाबालिग बच्चों को प्रताड़ित किया, प्राइमरी स्कूल की प्रिंसिपल गिरफ्तार
बालोद जिले के ग्राम परसदा स्थित प्राथमिक शाला की प्रधानपाठिका शबाना बानो को अपने ही दो बच्चों के साथ मारपीट गालीगलौज तथा मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 02:22:43 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 02:23:36 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी प्रिंसिपल प्रतीकात्मक तस्वीर। - एआईHighLights
- प्रधानपाठिका शबाना बानो को बालोद पुलिस ने पकड़ा
- दोनों बच्चों ने थाने में कराई थी शिकायत
- बाल कल्याण समिति के समक्ष बयान बाद गिरफ्तारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय में ममता को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहां शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम परसदा में पदस्थ प्रधानपाठिका शबाना बानो को बालोद कोतवाली पुलिस ने अपने ही दोनों नाबालिग बच्चों के साथ क्रूर मारपीट और अमानवीय प्रताड़ना के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
महिला शिक्षिका पर लंबे समय से अपने दोनों मासूम बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, बेरहमी से पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। मां के निरंतर बढ़ते जुल्म से तंग आकर दोनों बच्चों ने हिम्मत जुटाई और सीधे बालोद कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बाल कल्याण समिति के समक्ष दर्ज हुए बयान
सगी मां के खिलाफ बच्चों की दर्दनाक दास्तान सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। विधिक प्रक्रिया और बाल संरक्षण नियमों के तहत दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के सदस्यों के सामने बच्चों ने अपनी आपबीती बताते हुए मां द्वारा किए जा रहे अमानवीय व्यवहार और उत्पीड़न का पूरा ब्योरा दिया। बाल कल्याण समिति के समक्ष दर्ज बयानों और प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया।
स्कूल जाने से ठीक पहले घर में दबिश देकर पकड़ा
कोतवाली पुलिस की टीम ने गुरुवार सुबह पाररास स्थित प्रधानपाठिका के किराए के मकान में औचक दबिश दी। उस समय आरोपी शिक्षिका शबाना बानो स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थीं। पुलिस दल ने उन्हें घर से ही हिरासत में ले लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। एक शिक्षिका और मां द्वारा अपने ही बच्चों के साथ किए गए इस दुर्व्यवहार की खबर से क्षेत्र में लोग स्तब्ध हैं। पुलिस अब इस पारिवारिक कलह और प्रताड़ना से जुड़े सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है।