
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। Communal Harmony: केंद्रीय मंत्री फगन सिंह कुलस्ते के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। रायपुर में मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि संघ और भाजपा की सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने में मास्टरी है। ये अस्थिरता पैदा करते हैं। इन्हें शासन चलाना नहीं आता है। देश की स्थिति इनसे सुधार नहीं रही है। ये दंगे भड़काने का काम, समाज में जहर घोलने का काम आजादी से पहले से करते चले आ रहे हैं। जिस तरह से घटनाएं कर रहे हैं, वो लगातार एक्सपोज होते जा रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कुलस्ते ईमानदारी पूर्वक इतिहास का अध्ययन कर लें तो उन्हें समझ आएगा कि लगभग सभी सांप्रदायिक घटनाओं में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा का ही हाथ रहा है। देशवासियों के लिए धर्म व्यक्तिगत आस्था का विषय है, लेकिन भाजपा और संघ के लिए धर्म राजनीतिक हथियार है।
एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल का मुख्य कर्तव्य देश की एकता-अखंडता की रक्षा करना और सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करना होता है। भाजपा और संघ का मुख्य कर्तव्य अज्ञान फैलाना, संकीर्णता का प्रचार करना, सांप्रदायिक बनाना और भारत की एकता को नष्ट करना है। शुक्ला ने कहा कि कुलस्ते केंद्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर है। उन्होंने शपथ लेकर देश के हर धर्म, जाति, संप्रदाय के लोगों के हितों की रक्षा का वचन दिया है। लेकिन वे अपनी संवैधानिक शपथ को भूलकर धार्मिक विद्वेष फैलाने का बयान दे रहे हैं।
बताते चलें कि कुलस्ते ने कहा था कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां तनाव का वातावरण बनता है। कुलस्ते में उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी गुंडाराज की छवि वाले यूपी में योगी सरकार बनने के बाद से वहां कानून-व्यवस्था अच्छी तरह मेंटेन है। वहां सांप्रदायिक तनाव फैलाने का काम कोई करता है, तो सरकार कड़ी कार्रवाई करती है।