
जगदलपुर। Chhattisgarh Assembly Election 2023: आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए सबसे आसान मानी जा रही बस्तर पर भाजपा ने समय से बहुत पहले प्रत्याशी तय कर मुकाबले को रोचक बना दिया है। भाजपा ने इस सीट से जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। यहां से वर्तमान में कांग्रेस के लखेश्वर बघेल विधायक हैं, जिन्होंने पिछले दोनाें विधानसभा चुनाव भारी अंतर से जीत दर्ज की हैं। वे बस्तर आदिवासी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी हैं।
मुकाबले को रोचक इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा ने दो माह पहले प्रत्याशी तय कर प्रचार और जनसंपर्क के लिए पर्याप्त समय दे दिया है। 2013 के विधानसभा चुनाव में लखेश्वर बघेल ने भाजपा के डा सुभाऊ कश्यप को 19168 और 2018 के चुनाव में डा सुभाऊ कश्यप को ही दोबारा 33471 मतों के अंतर से हराया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को इस विधानसभा क्षेत्र से 15 हजार से अधिक वोटों की बढ़त मिली थी।
भाजपा प्रत्याशी मनीराम कश्यप विधायक लखेश्वर बघेल के रिश्तेदार हैं। बस्तर विधानसभा क्षेत्र में दो विकासखंड बकावंड और बस्तर आते हैं। लखेश्वर बघेल बकावंड और मनीराम कश्यप बस्तर विकासखंड के निवासी हैं। पिछले साढ़े चार साल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की आधा दर्जन जनसभाएं यहां हो चुकी हैं। प्रदेश सरकार से क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़े काम कराने में भी बघेल सफल रहे हैं।
भाजपा के मनीराम कश्यप को सबसे पहले अपनी ही पार्टी के नाराज नेताओं को मनाने में मेहनत करना होगा। यह बात मनीराम कश्यप भी स्वीकार कर चुके हैं कि उन्हें काफी मेहनत करना होगा। भाजपा के स्थानीय बड़े नेताओं ने पिछले दस सालों में कांग्रेस पार्टी ही नहीं कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। रिश्तेदारी के कारण लखेश्वर बघेल की कभी किसी भी बात के लिए आलोचना नहीं की। अब प्रत्याशी घोषित हाेने के बाद उन्हें कांग्रेस के निशाने पर लेने के लिए मुद्दे तलाशने पड़ेंगे।
विधानसभा क्षेत्र बस्तर अजजा वर्ग- 85
- कुल मतदान केंद्र- 212 बस्तर विकासखंड (69) और बकावंड विकासखंड में (143)।
- कुल मतदाता- 162020 पुरुष (78903) महिला (83115) तृतीय लिंग (दो)