
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। Lok Sabha Chunav 2024: भाजपा ने अब लोकसभा 2024 की तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी का संकल्प है कि सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा का झंडा लहरे और इसी जीत को सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने तैयारियां भी शुरु कर दी है। इसके लिए पांच जनवरी को छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर प्रदेश मंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों और विधायकों की बैठक लेंगे।
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर तीखा हमला किया। उन्होंने प्रश्न किया कि कांग्रेस ने अब तक किसके साथ न्याय किया हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बहुत यात्राएं की है पहले भारत जोड़ो यात्रा और अब न्याय यात्रा निकल रही है। उसे पहले खुद के साथ न्याय करना चाहिए। राज्य की जनता कांग्रेस के बारे में क्या सोच रही है, यह सभी जानते हैं। पिछले 65 वर्षों से इस देश को इसी खानदान ने लूटा है। माथुर गुरुवार को रायपुर पहुंचे।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना पर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही फैसला ले लिया गया है। भाजपा जन कल्याण की सरकार है। छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने वाली सरकार है। हर विषय पर निरंतर विचार विमर्श कर फैसला लेते रहेंगे।
एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री व प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री टंकराम वर्मा , राजीव अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, केदार गुप्ता व अन्य ने माथुर का स्वागत किया।