
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर से लगे देवपुरी के रहवासी उस समय चकित रह गए जब बिजली विभाग से बुधवार को जारी बिजली बिल का भुगतान आज ही करने का फरमान सुना दिया। रहवासियों ने विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वे परेशान हो गए और रहवासियों में रोष बढ़ने लगा। तब भाजपा रायपुर ग्रामीण मंडल के नेताओं को अपनी समस्या बताई।
बिजली विभाग के मनमाने रवैये से आक्रोशित होकर भाजपा रायपुर ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों के साथ पूर्व विधायक नंदे कुमार साहू के नेतृत्व में बाबू जगजीवन राव वार्ड क्रमांक 53 के रहवासियों ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। बिजली कार्यालय घेराव की जानकारी मिलते ही मौके पर जिम्मेदार अधिकारी भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गए।
नंदे साहू ने विभाग के द्वारा बिजली बिल रसीद आज ही जारी कर आज ही भुगतान करने के निर्देश जारी करने की निंदा करते हुए इस पर आपत्ति जताई। विवाद को बढ़ता देखकर मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक अभियंता ने बिजली बिल का भुगतान करने एक सप्ताह की मोहलत देने का आश्वासन दिया। हालांकि, तब भी लोग इसके लिए तैयार नहीं हुए, लेकिन बाद में समझाने-बुझाने के बाद भाजपा नेताओं ने घेराव स्थगित कर दिया।
देवपुरी के रहवासियों ने इस मुश्किल समय में साथ देने के लिए नंदे कुमार का आभार जताया। लोगों ने आरोप लगया कि बिजली विभाग जब तक मनमानी करता है। घेराव प्रदर्शन में भाजयुमो ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष राहुल ठाकुर समेत भाजपा, भाजयुमो के पदाधिकारी शामिल थे।