रायपुर के गुढियारी में डीजे पर विवाद, तोड़ा गया थाने का टीवी, भाजयुमो नेता पर दबंगई का आरोप
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का गंभीर मामला स...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 05:08:06 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 05:09:13 PM (IST)
गुढ़ियारी थाने में तोड़ा गया टीवी। -पुलिसHighLights
- गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो उपाध्यक्ष की तोड़फोड़
- निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने पर कार्रवाई
- दबाव बनाने के दौरान हुआ थाने में विवाद
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी द्वारा जमकर हंगामा किया गया और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक रसूख और पुलिस प्रशासन के बीच के तनाव को उजागर कर दिया है, जहां सत्ता से जुड़े लोग कानून को अपने हाथ में लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब गुढ़ियारी थाना पुलिस क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। प्रशासन और शासन द्वारा डीजे बजाने के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय की गई है, जिसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले एक व्यक्ति पर कार्रवाई की और उसे थाने लाया था। लेकिन यह कार्रवाई युवा मोर्चा के नेता शुभांकर द्विवेदी को रास नहीं आई।
कार्रवाई रुकवाने का बनाया दबाव
सूत्रों के मुताबिक, शुभांकर द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रोकने का भारी दबाव बनाने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से संबंधित व्यक्ति को तुरंत छोड़ने और मामले को रफा-दफा करने की जिद पकड़ ली। जब पुलिस ने कानून सम्मत कार्रवाई जारी रखने की बात कही, तो मामला और अधिक गर्मा गया।
आक्रोश में की गई तोड़फोड़
बातचीत और बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि युवा मोर्चा के नेता अपना आपा खो बैठे। आक्रोश में आकर उन्होंने थाना परिसर के भीतर ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। बैठक कक्ष का टीवी तोड़ दिया गया। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।