
रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि संस्कृत न सिर्फ हमारे देश की, बल्कि दुनिया की प्राचीनतम भाषाओं में भी सबसे पुरानी भाषा है। संस्कृत भाषा में ज्ञान-विज्ञान का अथाह भंडार है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार शाम अपने निवास में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा 'संस्कृत दिवस' के अवसर पर आया सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संस्कृत के विद्वानों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।
मुुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत भाषा में कंप्यूटर की भाषा बनने की भी ताकत है। हजारों वर्ष पहले जब दुनिया को चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में सर्जरी और मेडिसीन की जानकारी नहीं थी, उस समय हमारे देश के महर्षियों ने विश्व को इसका ज्ञान दिया। महर्षि सुश्रुत को सर्जरी और महर्षि चरक को मेडिसीन विज्ञान का जनक माना जाता है। छत्तीसगढ़ को यह गौरव प्राप्त है कि महर्षि नागार्जुन ने महानदी के किनारे सिरपुर को अपना कर्मक्षेत्र बनाकर वहां रसशास्त्र का गहरा अध्ययन किया और चीनी पर्यटक ह्वेनसांग उनसे मिलने वहां आए। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना का भी सुझाव दिया। संस्कृत विद्यामण्डलम् के अध्यक्ष डॉ. गणेश कौशिक ने समारोह को संस्कृत भाषा में संबोधित किया। आभार प्रदर्शन सचिव डॉ. सुरेश कुमार शर्मा ने किया। समारोह में समाज कल्याण मंत्री रमशीला साहू, छत्तीसगढ़ हिन्दी ग्रन्थ अकादमी के संचालक रमेश नैय्यर, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष अशोक बजाज, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग व दिलीप सिंह होरा भी मौजूद थे।
ये हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री ने पांच विद्वानों संस्कृत सम्मान 2016 से नवाजा। इनमें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी और सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय वेरावल (गुजरात) के पूर्व कुलपति प्रोफेसर वेम्पटि कुटुम्ब शास्त्री को महर्षि वेदव्यास सम्मान, कोरबा के भागवत प्रसाद कश्यप को महर्षि वाल्मिकी सम्मान, रायपुर के नेतराम नाकतोड़े को ऋष्यश्रृंग सम्मान, दूधाधारी वैष्णव संस्कृत उधातर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण वल्लभ शर्मा को लोमश ऋषि सम्मान और भिलाई की शकुन्तला शर्मा को माता कौशल्या सम्मान हउश्स गया। विशिष्ट सेवा सम्मान लक्ष्मीकांत शर्मा, डॉ. बंशीधर शर्मा, डॉ. कुमुद कान्हे, आराधना कण्डे, डॉ. संतोष तिवारी और डॉ. राजकुमार तिवारी, आचार्य कोमल और पीलाराम साहू को दिया गया।