
रायपुर,दुर्ग, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सराफा बाजार में तीन दिन बंद रखने की अवधि में अब दो दिन का और इजाफा हो गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन और रायपुर सराफा एसोसिएशन के आह्वान पर पूरे प्रदेश का सराफा कारोबार 2 से 4 मार्च तक 3 दिनों तक बंद रहेगा। बजट में सोने और डायमंड परएक्साइज ड्यूटी लगाए जाने से सराफा कारोबारी नाखुश हैं।दुर्ग और बिलासपुर में भी बाजार बंद है। जांजगीर, अंबिकापुर में भी बाजार बंद हैं।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष तिलोकचंद बरड़िया तथा रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि सोमवार को पेश हुए आम बजट में सोने व डायमंड पर एक्साइज ड्यूटी लगाया जाना इस कारोबार के लिए एक गलत निर्णय है। न केवल इससे कारोबारपरबुरा असर पड़ेगा, बल्कि इस कारोबार से जुड़े सभी लोगों के लिए नुकसानदायक है।
मंगलवार को सराफा कारोबारियों की एक बैठक भी सराफा भवन में की गई। बैठक में 2 से 4 मार्च तक प्रदेश का सराफा कारोबार बंद रखने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में तीनों दिन सराफा बाजार बंद रहने के साथ ही सदर बाजार नाहटा मार्केट में तीनों दिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक प्रतीकात्मक धरना दिया जाएगा।
बजट के बाद चांदी 400 उछली
सोमवार को बजट के प्रभाव के बाद आज मंगलवार को सोने में स्थिरता रही, लेकिन चांदी की कीमत में उछाल आ गई। चांदी 400 रुपए की उछाल के साथ 36900 रुपए प्रति किलो तथा सोना 29600 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। सराफा विशेषज्ञों का कहना है कि सोने-चांदी की कीमत में इस प्रकार की तेजी-मंदी बनी रहेगी। कल आई तेजी का मुख्य कारण बजट की खबरों का असर था। लेकिन दूसरे दिन तो चांदी की कीमत में ही तेजी आई। सराफा कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इनकी कीमत ऐसी ही बनी रहेगी।